
कठूमर थाना पुलिस ने नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब छह लाख रुपए की नकदी भी जब्त की है। गिरोह के चार सदस्य अभी फरार है। जिनकी तलाश में पुलिस सरगर्मी से जुटी हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कठूमर थाना पुलिस को मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि सरकारी नौकरी लगाने के नाम ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य धोलागढ़ स्थित सरसों के खेत में बैठकर रुपयों का बंटवारा कर रहे हैं। इत्तिला पर पुलिस ने वहां दबिश दी। पुलिस ने मौके से चार जनों को धरदबोचा, जबकि उनके तीन साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने आरोपी राजेश यादव निवासी पूनखर-मालाखेड़ा, रमेश गुर्जर निवासी सुमेल-मालाखेड़ा, सौरभ शर्मा निवासी बहतूकलां-धौलागढ़ और विश्वेन्द्र सिंह जाट निवासी सौंख-कठूमर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 94 हजार 400 रुपए की नकदी भी जब्त की है।
गिरोह बनाकर करते थे ठगी
अब तक की पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेरोजगार लोगों से ठगी करते थे। उन्होंने आठ लोगों का गिरोह बनाया हुआ था। मंगलवार को पुलिस दबिश के दौरान गिरोह के 7 सदस्य आपस में रुपयों का बंटवारा कर रहे थे, जबकि गिरोह का सरगना उस वक्त मौके पर नहीं था। गिरोह के सभी सदस्यों के बारे में पुलिस ने पड़ताल कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। गिरोह में शामिल सदस्यों की उम्र 22 से 34 साल के बीच है।
कई मामले आ सकते हैं सामने
पुलिस पड़ताल में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने हाल ही में किसी व्यक्ति से सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर छह लाख रुपए की ठगी की है। पूर्व में भी गिरोह के सदस्य कई लोगों से ठगी कर चुके हैं। जिनका खुलासा भी पुलिस जल्द कर सकती है।