अलवर

राजस्थान रोडवेज की हड़ताल से संकट में आए इस बड़ी परीक्षा के अभ्यर्थी, सता रही है यह चिंता

https://www.patrika.com/alwar-news/
2 min read
Oct 05, 2018
Police ASI Examiners Are In Trouble After Rajasthan Roadways Strike
राजस्थान रोडवेज की हड़ताल से संकट में आए इस बड़ी परीक्षा के अभ्यर्थी, सता रही है यह चिंता

अलवर. राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से 7 अक्टूबर को ली जाने वाली सब इंस्पेक्टर की परीक्षा से पहले ही परीक्षार्थियों को एक और बड़ी परीक्षा से गुजरना पड़ रहा है। राज्य में करीब साढे चार लाख अभ्यर्थी सब इंस्पेंक्टर की परीक्षा में बैठ रहे हैं। राजस्थान रोडवेज की इन दिनों हड़ताल चल रही है। ऐसे में परीक्षा केंद्र तक पहुंचना ही मुसीबत बना हुआ है। इस परीक्षा में अलवर से युवा बाहर परीक्षा देने जाएंगे और बाहर के युवा अलवर में परीक्षा के लिए आएंगे।

जिले मेेंं 63 सेंटरों पर 23 हजार परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

आरपीएससी की ओर से 5 अक्टूबर 2016 को राज्य में सब इंस्पेक्टर भर्ती के लिए 330 सीटों पर आवेदन मांगे गए थे। 15 मई 2018 को फार्म रिऑपन करके फिर से भरवाए गए थे। अब यह परीक्षा 7 अक्टूबर को दो पारियों में आयोजित की जाएगी। अलवर जिले में 23 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे। इसके लिए शहर में 63 सेंटर बनाए गए हैं। प्रथम पारी में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक एवं दूसरी पारी में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।

ट्रेनों में वेटिंग हुई खत्म

इधर, रोडवेज की हड़ताल के चलते अधिकतर युवा जैसे - तैसे रेल से ही अपने गंतव्य तक पहुंचने की तैयारी में हैं। इसके चलते रेले में रिजर्वेशन मिलना भी मुश्किल हो गया है। अधिकतर जगहों के लिए वेटिंग भी खत्म हो चुकी हैं।

आज होगी बैठक

सब इंस्पेंक्टर परीक्षा के लिए शुक्रवार को सुबह 10 बजे कला भारती में सेंटर सुप्ररीडेंट एवं केंद्राधीक्षक एवं पर्यवेक्षकों की बैठक होगी।

बाहर आने जाने की है परेशानी

साइबर संचालक विपुल भार्गव ने बताया कि परीक्षा के प्रवेश पत्र बुधवार को ही जारी हुए है। इसमें अलवर में रहने वाले अधिकतर युवाओं को सीकर, झुंझुनू, चुरु, बीकानेर आदि जिले परीक्षा केंद्र के लिए आवंटित हुए हैं। इन जगहों के लिए अलवर से सीधे सडक़ मार्ग से ही जाया जा सकता है। यदि रेल से जाते हैं तो वहां से गंतव्य तक जाने के लिए फिर से बस की मदद लेनी पडेग़ी । खासकर युवतियों के लिए परेशानी अधिक हो रही है। चुरु व बीकानेर के लिए रेवाडी होते हुए जाने वाले बीकानेर एक्सप्रेस रात 1 बजे रवाना होती है । इसमें भी समय पर पहुंचने की संभावना बहुत कम है। यदि परीक्षा तक पहुंच भी जातें हैं तो वापस लौटने में फिर से परेशानी होगी।

मैं दो साल से तैयारी कर रही हूं । लेकिन अब लगता है कि एग्जाम ही नहीं दे पाऊंगी क्योंकि मेरा सेंटर बीकानेर आया है। मैं रेवाडी से बीकानेर जाऊंगी तो समय अधिक लगेगा। मैंने टैक्सी से बात की तो पैसे अधिक मांगें । जो मैं नहीं दे सकती।
पायल सैनी, परीक्षार्थी

यदि रोडवेज की हड़ताल खत्म नहीं हुई तो बहुत से युवा परीक्षा नहीं दे पाएंगे क्योंकि रेल हर जगह नहीं पहुंच सकती। या तो रोडवेज की हड़ताल खत्म हो या फिर सरकार को परीक्षा की तिथि आगे बढ़ानी चाहिए।
ललिता, परीक्षार्थी

Published on:
05 Oct 2018 09:05 am