अब 100 की बजाय 112 नम्बर पर फोन करने पर तीन थानों की पहुंचेंगी पुलिस की गाड़ी
अलवर. पुलिस की ओर से अब अगर किसी को सहायता चाहिए तो इसके लिए अब 100 नम्बर की बजाय 112 नम्बर पर फोन करना पड़ेगा। जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही तुरन्त घटना स्थल पर पुलिस वाहन पहुंंचेगा।
राजस्थान पुलिस की ओर से इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम अपनाते हुए 100 नम्बर की जगह पर 112 नम्बर पर सूचना देने के तुरन्त बाद पुलिस की तैयार खड़ी गाड़ी मौके पर निकलेगी। बहरोड़ पुलिस थाने की एक गाड़ी को इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम के लिए चयन किया गया है। जिले के बहरोड़,नीमराणा व मांढ्ण पुलिस थाने में होने वाली घटनाओं पर पुलिस की112 नम्बर गाड़ी पहुंचेगी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 18 दिसम्बर को जयपुर में 112 नम्बर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था।
अलवर अभय कमांड सेन्टर से रहेगी हर निगरानी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बहरोड़ पुलिस थाने की एक गाड़ी को 112 हेल्पलाइन नंबर से जोड़ा गया है। गाड़ी में जीपीएस के साथ ही अन्य संसाधन लगे हुए है।जैसे ही कंट्रोल को कोई भी व्यक्ति 112 नंबर पर कॉल करता है उसके तुंरत बाद गाड़ी में बैठे स्टाफ को फोन उठाना होगा। क्योंकि गाड़ी में बैठे स्टाफ को एक टैब उपलब्ध कराया गया है। जिसके माध्यम से अधिकारी को पल पल की अपडेट अभय कमांड सेंटर को देनी होगी। पुलिस की यह गाड़ी सूचना मिलने के बाद घटना स्थल के लिए रवाना होगी। ऐसे में अक्सर देखा जाता है कि पुलिस को सूचना देने के बाद भी वह ज्यादातर समय पर नहीं पहुच पाती है। जिससे अनेक गंभीर घटना घटित हो जाती है।ऐसे में अगर 112 हेल्पलाइन नंबर गाड़ी कहीं पर भी रास्ते में रुकती है तो इसके लिए गाड़ी में सवार स्टाफ जिम्मेदार होगा।
होगा शिकायत कर्ता का मोबाइल फोन ट्रेस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अनेक बार लोग कंट्रोल रूम को किसी भी घटना की शिकायत कर देते है जिसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद आता है। ऐसे में पुलिस की गाड़ी को सूचना देने वाले व्यक्ति का फोन कंट्रोल रूम से ट्रेस होता रहेगा। वहीं अगर कोई व्यक्ति अभय कमांड को गलत सुचना देता है तो उसके खिलाफ ठोस कार्रवाई भी पुलिस द्वारा की जाएगी।