अलवर

अलवर में पुलिसकर्मी की दबंगई: बस गेट से हटने को कहा तो कंडक्टर को बीच सड़क पर पीटा

अलवर जिले के अखैपुरा थाना क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी की ओर से रोडवेज कर्मचारी के साथ मारपीट करने का मामला गरमाता जा रहा है।

2 min read
Apr 12, 2026
Rajasthan Roadways Bus. Patrika file photo.

अलवर जिले के अखैपुरा थाना क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी की ओर से रोडवेज कर्मचारी के साथ मारपीट करने का मामला गरमाता जा रहा है। जानकारी के अनुसार, अलवर से नारायणपुर रूट पर चलने वाली रोडवेज बस में तैनात कंडक्टर सतनाम गुर्जर के साथ एक पुलिसकर्मी और उसके अन्य साथियों ने मारपीट की। इस घटना के बाद रोडवेज कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।

गेट से हटने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पीड़ित कंडक्टर सतनाम गुर्जर ने बताया कि रविवार शाम करीब 6 बजे बस स्टैंड से बस नारायणपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में दो युवक सवार हुए, जिनमें से एक की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई। राहुल ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए अपना परिचय पत्र दिखाया और पुलिस कार्ड के आधार पर टिकट लिया। बस जब एमएच तिराहे (MH Circle) के पास पहुंची, तो बस में सवारियों की भीड़ बढ़ गई। पिछले गेट पर खड़े राहुल और उसके साथी को कंडक्टर ने रास्ता देने के लिए थोड़ा पीछे हटने को कहा ताकि अन्य सवारियां आसानी से चढ़ सकें।

गाली-गलौज और बीच सड़क मारपीट

कंडक्टर का आरोप है कि बस के गेट से हटने की बात कहते ही पुलिसकर्मी राहुल और उसका साथी आगबबूला हो गए। उन्होंने तुरंत गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि पुलिसकर्मी ने फोन करके अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में कार सवार कुछ और युवक वहाँ पहुंचे और कंडक्टर को जबरन बस से नीचे उतार लिया। बीच सड़क पर सभी ने मिलकर कंडक्टर सतनाम के साथ जमकर मारपीट की। इस हमले में कंडक्टर के मुँह, होंठ और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं।

बस रद्द, यात्रियों की बढ़ी मुसीबत

मारपीट की इस घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घायल कंडक्टर और अन्य बस स्टाफ ने बस को वापस डिपो ले जाने का फैसला किया, जिसके चलते नारायणपुर जाने वाली बस सेवा को बीच में ही रद्द करना पड़ा। बस में सवार दर्जनों यात्रियों को बीच रास्ते में ही उतरना पड़ा, जिससे उन्हें काफी परेशानी हुई। पीड़ित कंडक्टर ने देर रात अखैपुरा थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की छानबीन में जुटी है।

Published on:
12 Apr 2026 01:33 pm
Also Read
View All