अलवर में सदर थाना क्षेत्र के महुआ रेलवे ट्रैक पर बुधवार को एक 36 वर्षीय व्यक्ति द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है।
अलवर में सदर थाना क्षेत्र के महुआ रेलवे ट्रैक पर बुधवार को एक 36 वर्षीय व्यक्ति द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित सूर्य नगर की दुर्गा कॉलोनी निवासी राजेश शर्मा पुत्र सत्यनारायण शर्मा के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि राजेश बुधवार सुबह घर से यह कहकर निकले थे कि वह आंखों के डॉक्टर को दिखाने जा रहे हैं। परिजन पूरे दिन उनके लौटने का इंतजार करते रहे, लेकिन जब शाम तक वे घर नहीं पहुंचे, तो चिंता बढ़ गई। परिवार ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
राजेश के घर से निकले करीब 12 घंटे बीत चुके थे। रात करीब 8 बजे स्थानीय पुलिस ने परिजनों को संपर्क कर महुआ रेलवे ट्रैक पर एक शव मिलने की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन बदहवास होकर मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान राजेश के रूप में की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
मृतक के भतीजे हिमांशु ने बताया कि राजेश एक फैक्ट्री में आरओ प्लांट ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। वे अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें उनकी बेटी 9वीं कक्षा में और बेटा पहली कक्षा में पढ़ता है। पिता की असामयिक मौत ने परिवार का सहारा छीन लिया है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
गुरुवार सुबह पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, राजेश ने यह घातक कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके।