
घटना के बाद परिजन (फोटो - पत्रिका)
अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने उसके पति पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन को जबरन जहर देकर मौत के घाट उतारा गया है। इस घटना के बाद परिजनों ने न्याय की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका परमीना की शादी करीब 25-26 साल पहले गोविंदगढ़ तहसील के कैमासा निवासी अकबर नामक व्यक्ति के साथ हुई थी। मृतका के भाई अरशद, जो जिला पलवल के हथीन वार्ड नंबर 14 का निवासी है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि विवाह के शुरुआती दिनों के बाद से ही परमीना का वैवाहिक जीवन विवादों में घिर गया था। अरशद का आरोप है कि आरोपी पति अकबर अक्सर परमीना के साथ मारपीट करता था और उसे प्रताड़ित करता था। आरोपी ने कई बार उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी, जिसे परिवार ने गंभीरता से नहीं लिया।
घटनाक्रम 22 अप्रैल 2026 का है। शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच परिजनों को परमीना की मौत की सूचना मिली। जब भाई अरशद ने आरोपी अकबर से इस बाबत पूछताछ की, तो अकबर ने सफाई देते हुए दावा किया कि उसने परमीना के साथ मारपीट की थी और उसके बाद महिला ने खुद जहर खा लिया। हालांकि, मृतका के भाई ने पति के इस दावे को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। अरशद का आरोप है कि उसकी बहन ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से जबरन जहर पिलाकर उसकी निर्मम हत्या की है।
पीड़ित भाई का यह भी दावा है कि उसके पास आरोपी पति के साथ हुई बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग मौजूद है, जो इस पूरे मामले में सबसे अहम सबूत साबित हो सकती है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मृतका के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाए। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है, ताकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।
Published on:
23 Apr 2026 02:17 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
