14 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कांग्रेस भ्रष्टाचार का एक भी सबूत दे, मैं मंत्री पद से इस्तीफा दे दूंगा – किरोड़ी लाल मीणा

अलवर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा रविवार को अलवर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

2 min read
Google source verification
kirodi lal meena

प्रेस वार्ता करते डॉ. किरोड़ी लाल मीणा (फोटो - पत्रिका)

अलवर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा रविवार को अलवर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया है। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

कांग्रेस को खुली चुनौती

प्रभारी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा हमेशा की तरह अपने तीखे तेवरों में नजर आए। जिला कलक्टर आर्तिका शुक्ला की मौजूदगी में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने विपक्ष के आरोपों पर करारा पलटवार किया। किरोड़ी लाल ने कहा कि वे खुद हमेशा भ्रष्टाचार को उजागर करते आए हैं।

पिछली कांग्रेस सरकार ने जिन मामलों को दबा कर रखा था, मौजूदा सरकार उन पर लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ काम कर रही है, भ्रष्टाचारियों को बचाने का नहीं। अगर कांग्रेस के पास कोई सबूत है तो सामने लाए, वे पद छोड़ने को तैयार हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनके की ओर से उठाए गए मामलों पर अगर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आगे बड़ा कदम उठाएंगे।

मोदी सरकार में देश की तरक्की

प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने केंद्र की मोदी सरकार के सफल कार्यकाल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि देश इस समय प्रगति पथ पर है और विकसित भारत का संकल्प लगातार सच हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट विजन है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

महिलाओं को बनाया आत्मनिर्भर

उन्होंने बताया कि किसानों से लेकर मध्यम वर्ग को हर क्षेत्र में भारी छूट दी जा रही है। बिजली से लेकर कई कल्याणकारी योजनाओं में लोगों को राहत मिल रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 'लखपति दीदी' योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत 14 लाख महिलाएं लाभ उठा चुकी हैं। इसके अलावा बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खोले गए हैं।


8 लाख किलोमीटर सड़कों का जाल

प्रभारी मंत्री ने बुनियादी ढांचे और विकास के आंकड़े रखते हुए कहा कि देश में अब तक 8 लाख किलोमीटर सड़कों का जाल बिछाया जा चुका है। शिक्षा और बुनियादी सुविधाएं बेहतर होने से बच्चों और बेटियों का स्कूल जाना अब आसान हो गया है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के जरिए देश की 109 लाख हेक्टेयर जमीन तक सिंचाई का पानी पहुंचाया गया है, जिससे हर खेत तक पानी पहुंच रहा है।

1.25 लाख सरकारी नौकरी

रेलवे और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज देश के कोने-कोने में 164 वंदे भारत ट्रेनें दौड़ रही हैं और शहरों में मेट्रो का विस्तार हो रहा है। देश को 23 नए एम्स की सौगात मिली है। उन्होंने यह भी बताया कि युवाओं के लिए 1.25 लाख सरकारी नौकरियों का कैलेंडर जारी हो चुका है। हरियाणा से यमुना के जरिए पानी लाने की योजना पर काम चल रहा है और रामजल सेतु के लिए 26 हजार करोड़ रुपये के वर्क ऑर्डर दिए जा चुके हैं।