
एक परीक्षा केंद्र का गेट बंद होने के बाद परीक्षार्थी (फोटो - पत्रिका)
राजस्थान में पीटीईटी परीक्षा-2026 रविवार को संपन्न हो गई। पीटीईटी परीक्षा को लेकर इस बार प्रशासन नियमों के मामले में बेहद सख्त नजर आया। परीक्षा केंद्रों पर एंट्री का समय खत्म होते ही ठीक सुबह 8:30 बजे मुख्य गेट बंद कर दिए गए। इसके बाद कई केंद्रों पर देर से पहुंचे परीक्षार्थी अंदर जाने के लिए मिन्नतें करते नजर आए।
कुछ छात्र महज 1 से 2 मिनट की देरी की वजह से परीक्षा देने से वंचित रह गए। गेट के बाहर खड़े छात्र और उनके परिजन अधिकारियों से गुहार लगाते रहे, लेकिन नियमों का हवाला देकर उन्हें एंट्री नहीं दी गई, जिससे कई अभ्यर्थियों की सालभर की मेहनत पर पानी फिर गया। इस दौरान कई अभ्यर्थी रोने भी लगे, लेकिन उन्हें एंट्री नहीं मिली।
अगर उपस्थिति के आंकड़ों की बात करें तो अलवर जिले में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर परीक्षा के लिए कुल 3963 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 3304 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। वहीं, समय पर न पहुंच पाने वाले और अन्य कारणों से अनुपस्थित रहने वाले छात्रों की संख्या 659 रही। इस तरह जिले में कुल उपस्थिति करीब 83.37 फीसदी दर्ज की गई।
देर से आने वाले छात्रों की एंट्री बंद होने के बाद, परीक्षा हॉल के भीतर का माहौल पूरी तरह अनुशासित रहा। परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकल मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों की फ्लाइंग टीम (उड़नदस्ता) लगातार एक्टिव रही।
इस टीम ने सभी 12 परीक्षा केंद्रों पर जाकर औचक निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय (माध्यमिक) की ओर से वीक्षकों की सख्त ड्यूटी लगाई गई थी, जिसके चलते अलवर में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या नकल की कोई शिकायत सामने नहीं आई। परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के बाद जिला समन्वयक ने राहत की सांस ली।
उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को बिना किसी रुकावट के पूरा कराने के लिए जिले के सभी पर्यवेक्षकों, केंद्र अधीक्षकों, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों और जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) की टीम को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के आपसी तालमेल की बदौलत ही जिले में परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सका है।
Updated on:
14 Jun 2026 04:18 pm
Published on:
14 Jun 2026 04:17 pm
