
अलवर. शहर में आधार कार्ड नहीं बनने की वजह से शहर के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। आधार कार्ड बनवाने के लिए लोग इधर उधर भटक रहे हैं। सरकारी सेवाओं में आवेदन करना हो या फिर बच्चों को स्कूल में आवेदन करना हो। हर काम में आधार कार्ड मांगा जा रहा है। लेकिन लोगों को यह नहीं पता कि आधार कार्ड कहां बनवाएं। पूर्व में ई मित्रों पर आधार कार्ड बनाने की सुविधा थी जिसे बंद कर दिया गया है।
अट्टा मंदिर के समीप स्थत मुख्य पोस्ट ऑफिस में आधार कार्ड बनवाने की मशीन लगाई गई थी, जिसमें आधार कार्ड बनवाने के अलावा अपडेशन की भी सुविधा थी। लेकिन यह मशीन भी इन दिनों तकनीकि खराबी के चलते बंद पड़ी हुई है। यहां पर प्रतिदिन टोकन देकर करीब 30 आधार कार्ड बनाए जा रहे थे। यहां आए युवक महेश ने बताया कि सरकारी नौकरी में आवेदन करना है लेकिन आधार अपडेट नहीं है। दो दिन से यहां चक्कर काट रहा हूं। मैं बाहर रहता हूं मुझे यह नहीं पता की आधार का काम कहां पर होता है।
वन टाइम रजिस्ट्रेशन में आ रही परेशानी
राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से अप्रेल व मई माह में सरकारी सेवा के विभिन्न पदों पर भर्ती निकाली है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन भरने शुरू हो गए हैं। इस बार आयोग की ओर से पहली बार वन टाइम रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुुरू की गई है। वन टाइम रजिस्टे्रशन को आधार कार्ड से लिंक किया गया है। जब अभ्यर्थी अपना आधार कार्ड नंबर फार्म में डालेेंगे तो उसमें ओटीपी आएगा। इसके बाद ही फार्म भर पाएगा, जिसमें आवेदक को मोबाइल नंबर डालना होगा, लेकिन आधे से अधिक लोगों ने अपने आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट नहीं कराया है। इससे आवेदन भरने में मुश्किल हो रही है।
मशीन खराब
तकनीकि खराबी के चलते आधार मशीन खराब है। इससे आधार से जुड़ा कोई काम नहीं हो पा रहा है। जयपुर मुख्यालय पर संबंधित कंपनी को सूचना दी है। शीघ्र ही सही करवाया जाएगा।
रामखिलाडी बैरवा, मुख्य पोस्ट मास्टर, मुख्य पोस्ट ऑफिस, अलवर
आधार के साथ मोबाइल नम्बर अपडेट
नौकरी के लिए आवेदन करने वाले अधिकतर युवा होते हैं। जिनके बैंक खाते आदि में आधार के साथ मोबाइल नंबर अपडेट है। कुछ बैंक व शहर के ईमित्रों पर अपडेट की सुविधा दी जा रही है। टॉलफ्री नंबर पर भी आधार कार्ड से मोबाइल नंबर को वेरीफाई किया जा रहा है।
दिव्य जैन, आधार कार्ड प्रभारी,सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग, अलवर