रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की बड़ी ग्राम पंचायत अलावड़ा में अटल पथ निर्माण को लेकर ग्रामीणों में असंतोष बढ़ गया है। बस स्टैंड से मिलकपुर मोड़, मालपुर मोड़ होते हुए चिडवाई धाम तक करीब 1900 मीटर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जहां पहले 14 फुट से अधिक चौड़ी सीमेंटेड सड़क […]
रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की बड़ी ग्राम पंचायत अलावड़ा में अटल पथ निर्माण को लेकर ग्रामीणों में असंतोष बढ़ गया है। बस स्टैंड से मिलकपुर मोड़, मालपुर मोड़ होते हुए चिडवाई धाम तक करीब 1900 मीटर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जहां पहले 14 फुट से अधिक चौड़ी सीमेंटेड सड़क बनी हुई थी, उसे तोड़कर अब केवल 12 फुट (3.75 मीटर) चौड़ी सड़क बनाई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सर्वे के दौरान 18 फुट चौड़ी सीसी सड़क, दोनों ओर इंटरलॉकिंग और नाला निर्माण का आश्वासन दिया गया था। विधायक सुखवंत सिंह ने 3 नवम्बर 2025 को इसका उद्घाटन भी किया था। रिंग रोड की तरह चौड़ी सड़क बनने की उम्मीद थी ताकि दो वाहन आसानी से निकल सकें।
अब संकरी सड़क बनने से लोगों को आवागमन में परेशानी और अतिक्रमण बढ़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने स्वीकृत बजट के अनुसार निर्माण कार्य कराने की मांग की है। कनिष्ठ अभियंता रामौतार मीणा ने बताया कि संशोधित स्वीकृति के अनुसार 3.75 मीटर सड़क व साइड में इंटरलॉकिंग और नाला निर्माण करीब 1.52 करोड़ रुपये में कराया जाएगा। अतिक्रमण हटाने के लिए विकास अधिकारी को पत्र लिखा गया है।