21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रॉन्ग साइड की रफ्तार बनी काल; लक्ष्मणगढ़ में तेज रफ्तार बाइक ने किसान को मारी टक्कर, मौत

अलवर में यातायात नियमों की अनदेखी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई।

2 min read
Google source verification

अलवर में यातायात नियमों की अनदेखी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने एक 45 वर्षीय किसान की जान ले ली। मौजपुर से सामान लेकर घर लौट रहे चिमरावली सिख गांव के समीप हुई सड़क दुर्घटना में किसान निरंजन लाल की दर्दनाक मौत हो गई। किसान को बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हादसे ने एक परिवार का सहारा छीन लिया और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

रॉन्ग साइड से आई मौत

मृतक के परिजन चैतन ने जानकारी देते हुए बताया कि निरंजन लाल शनिवार शाम को मौजपुर बाजार से आवश्यक सामान लेकर बाइक से अपने घर चिमरावली सिख लौट रहे थे। वे अभी गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप ही पहुंचे थे कि तभी रॉन्ग साइड से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि निरंजन लाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।


इलाज के दौरान दम तोड़ा

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें गंभीर अवस्था में अलवर के जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

निरंजन लाल की असमय मौत से उनके परिवार का भविष्य अंधकारमय हो गया है। मृतक के पीछे तीन छोटे बच्चे हैं, जिनके पालन-पोषण का जिम्मा उन्हीं के कंधों पर था। किसान निरंजन लाल खेती-बाड़ी कर बड़ी मुश्किल से परिवार का पेट पाल रहे थे। उनकी मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अब मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हादसे के लिए जिम्मेदार बाइक सवार की तलाश में जुटी है। यह घटना एक बार फिर सड़कों पर 'रॉन्ग साइड ड्राइविंग' के बढ़ते खतरे और प्रशासन की ढिलाई पर सवाल खड़े कर रही है।