
Rajasthan News: क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि एक शांत-सा दिखने वाला गांव देशभर के लोगों को ऑनलाइन ठगने का अड्डा बन सकता है? अलवर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने जब साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसा तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। पुलिस को ऐसे सुराग मिले जिससे पता चला कि यह गांव OLX ठगी, सेक्सटॉर्शन और नौकरी के झांसे जैसे अपराधों का गढ़ बन चुका है।
एसपी संजीव नैन के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में नौगांव पुलिस ने एक सुनियोजित कार्रवाई के तहत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 2 नाबालिगों को निरुद्ध किया है। पकड़े गए आरोपियों में लोकेश जाटव, प्रदीप जाटव, सुशील ओढ़, अजरुद्दीन मेव और साहिल मेव शामिल हैं। ये सभी युवक तकनीकी रूप से दक्ष थे और सोशल मीडिया व कॉलिंग एप्स के ज़रिए देशभर के लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।
पुलिस को इनके पास से 7 एंड्रॉइड मोबाइल फोन और एक एटीएम कार्ड मिला है, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए होता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये आरोपी OLX पर पेन-पेंसिल जैसे छोटे उत्पादों का विज्ञापन देकर संपर्क में आते और फिर डिलीवरी के नाम पर पैसे ऐंठ लेते। कुछ मामलों में तो इन्होंने फर्जी नौकरी के नाम पर भी लाखों रुपये ठगे हैं।
इस कार्रवाई का नेतृत्व एएसपी डॉ. तेजपाल सिंह, डीएसपी ट्रैफिक मुकेश चौधरी, सीओ रामगढ़ सुनील प्रसाद शर्मा और एसएचओ भूपेंद्र सिंह ने किया। तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिरों की मदद से इन अपराधियों तक पुलिस पहुंच सकी।
एसपी ने बताया कि इन पर दो मामले दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में ये भी सामने आया है कि कुछ और युवक भी इस गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब गांव के उन परिवारों की जांच कर रही है, जिनके युवा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों में शामिल रहे हैं।