अलवर

Weather Update: आज और कल बारिश-आंधी का येलो अलर्ट, गर्मी से मिलेगी राहत

Weather Update: उमस और गर्मी झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने आज और कल (गुरुवार और शुक्रवार) के लिए बारिश और तेज अंधड़ का येलो अलर्ट जारी किया है। प्री-मानसून की दस्तक से तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।

2 min read
Jun 18, 2026
Weather Update
फाइल फोटो (फोटो - पत्रिका)

Weather Update: राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से जारी उमस भरी गर्मी के बीच अब मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग (IMD) की मानें तो अब इस चिपचिपी गर्मी से जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। विभाग ने अगले 48 घंटों यानी गुरुवार और शुक्रवार के लिए अलवर सहित अन्य जिलों में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है।

बादलों की आवाजाही से बदला मौसम का मिजाज

बुधवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही का दौर शुरू हो गया था। हालांकि, दिनभर बादलों के कारण उमस काफी बढ़ गई और लोग पसीने से तर-बतर नजर आए। लेकिन शाम होते-होते हवाओं में नमी बढ़ने लगी और ठंडी हवा के झोंकों ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। इस बदलाव से साफ संकेत मिल रहे हैं कि प्री-मानसून गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय हो चुकी हैं।

50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, धूलभरी आंधी के आसार

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले दो दिनों तक अलवर के कई इलाकों में मौसम का रौद्र और राहत भरा दोनों रूप देखने को मिल सकता है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी आंधी चलने की आशंका है। इसके साथ ही आसमान में कड़कड़ाती बिजली के साथ झमाझम बारिश होने के पूरे आसार हैं।

तापमान में दर्ज होगी गिरावट

लगातार बढ़ रहे पारे और लू के थपेड़ों से परेशान अलवर के लोगों के लिए यह प्री-मानसून की बारिश किसी वरदान से कम नहीं होगी। मौसम विभाग का कहना है कि इस बारिश के बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आएगी, जिससे मौसम ठंडा और सुहावना हो जाएगा। किसानों के लिए भी यह समय खेतों की तैयारी के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।


मौसम विभाग की आम लोगों को सलाह

येलो अलर्ट को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। आंधी और कड़कती बिजली के समय पेड़ पौधों, कमजोर दीवारों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। विशेषकर दुपहिया वाहन चालकों को आंधी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रुकने को कहा गया है। अब लोगों को बस इस बात का इंतजार है कि कब काले बादल बरसें और उन्हें इस तपती गर्मी से निजात दिलाएं। इन दिनों गर्मी के कारण लोगों को कई तरह की दिक्क्तों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर भी गर्मी के कारण भारी सामना करना पड़ रहा है।

Published on:
18 Jun 2026 11:50 am