अलवर

जमीन खोदकर बड़े शातिर अंदाज में क्रूड ऑयल चोरी कर रहे थे, इस तरह हुआ खुलासा

अलवर जिले में गुजरात के सलाया से हरियाणा के पानीपत रिफाइनरी के बीच सलाया मथुरा क्रूड ऑयल की पाइप लाइन में लीकेज कर चोरी की वारदात का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
less than 1 minute read
Dec 31, 2019
oil_theft.jpg

अलवर। अलवर जिले के शाहजहांपुर थाना पुलिस क्षेत्र के फौलादपुर गांव की सीमा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 से पास से गुजर रही गुजरात के सलाया से हरियाणा के पानीपत रिफाइनरी के बीच सलाया मथुरा क्रूड ऑयल की पाइप लाइन में लीकेज कर चोरी की वारदात का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।

शाहजहांपुर थानाधिकारी सुरेन्द्रसिंह रावत ने बताया कि फौलादपुर निवासी राजेन्द्रसिंह पुत्र बंशीधर का हाइवे स्थित बने भवन को सीमेंट का कार्य करने को लेकर किराये पर लिए गोदाम से अण्डर ग्राउंड लाइन दबाकर क्रूड ऑयल पंपनुमा सिस्टम लगाकर चोरी किया जा रहा था। सोमवार रात कंपनी की ओर से लगाए गए चैकिंग पेट्रोलिंग सुरक्षा गार्ड ने लाइन के समीप वाले खेत में पानी देते समय जमीन को धंसी हुई देखी।

जमीन धंसी देखकर लाइन से हुई छेड़छाड़ व तेल चोरी के अंदेशे की शिकायत कम्पनी ऑपरेशन मैनेजर को दी। शिकायत पर मंगलवार को कंपनी के प्रबंधक मनोज कुमार बानरा, सहायक प्रबंधक रविन्द्र कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे, वहां जेसीबी से धंसी हुई जमीन को खुदवाकर देखा तो ऑयल सप्लाई पाइप लाइन में छेद कर क्लिप सिस्टम से दबाकर सीमेंट गोदाम तक जाती पाई गई। पुलिस और कंपनी की टीम सीमेंट के गोदाम में गए तो वहां कट्टों के बीच तेल निकालने का सिस्टम पाया गया। क्रूड ऑयल लाइन से चोरी करने के आरोपी पुलिस और कंपनी प्रबंधन के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए।

Published on:
31 Dec 2019 06:53 pm