अलवर

राजस्थान में भाजपा अब चुनावी मोड पर, इस तरह कर रहे हैं चुनावी तैयारियां

https://www.patrika.com/alwar-news/ Rajasthan Election 2018
2 min read
• •
Updated: 2 Aug 2018, 9:43 AM IST
Rajasthan Election 2018 : BJP in in election mode in Rajasthan
राजस्थान में भाजपा अब चुनावी मोड पर, इस तरह कर रहे हैं चुनावी तैयारियां

अलवर. प्रदेश में विधानसभा चुनाव में चार महीने का समय शेष बचता देख भाजपा चुनावी मोड पर आने लगी है। वहीं कांग्रेस को अभी ऊपरी फरमान का इंतजार है।

भाजपा की गौरव यात्रा आगामी 4 अगस्त से शुरू होनी है। राजनीतिक क्षेत्रों में भाजपा की गौरव यात्रा को चुनावी तैयारियों का शंखनाद माना जा रहा है। गौरव यात्रा के नाम पर पार्टी इन दिनों अलर्ट पर है। यात्रा की तैयारियों को लेकर छोटे से लेकर बड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बैठकों के माध्यम से सम्पर्क साधा जा रहा है। वहीं उन्हें चुनावी गतिविधियों के लिए क्रियाशील बनाने का कार्य पूर्व में ही शुरू किया जा चुका है। इसी क्रम में भाजपा की बुधवार को अलग-अलग तबके के कार्यकर्ताओं की तीन अलग बैठकें हुई। वहीं इससे पूर्व बहरोड़ में भी जिला बैठक का आयोजन कर जिले में पार्टी की चुनावी तैयारियों का आगाज किया जा चुका है। खास बात यह कि इन बैठकों में पार्टी के जिला संगठन प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव खुद चुनावी रणनीति की कमान संभाले हुए हैं।

दावेदारों की जोर आजमाइश पर नजर

गौरव यात्रा के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में टिकट के दावेदारों की ओर से जोर आजमाइश की संभावना है। इनमें कई मौजूदा विधायकों के साथ ही नए चेहरे भी मुख्यमंत्री के समक्ष ताकत दिखाने की रणनीति में जुट गए हैं। गत लोकसभा उपचुनाव के बाद जिले में बदली परिस्थितियों के चलते इस बार हर विधानसभा क्षेत्र से टिकट के दावेदारों की कतार लंबी होने की उम्मीद है। पार्टी के चुनावी रणनीतिकार इसी आशंका को भांप यात्रा के दौरान दावेदारों की संभावित जोर आजमाइश पर नजर गड़ाए हुए हैं।

उपचुनाव के नतीजों के बाद तैयारियां तेज

राजस्थान में इस साल हुए उपचुनावों में भाजपा के हाथ खाली रहे। विधानसभा चुनावों में ऐसा ना हो इसलिए भाजपा अभी से ही चुनावों की तैयारियों में जुट गई है। भाजपा की ओर से कार्यकर्ताओं से लेकर हाईकमान तक सभी ने चुनावों के लिए कमर कस ली है।

Published on: