अलवर

अलवर में प्रत्याशियों की किस्मत युवा मतदाताओं के हाथ में, जिले में इतने लाख मतदाता तय करेंगे प्रत्याशियों का भविष्य

https://www.patrika.com/alwar-news/
2 min read
Nov 28, 2018
Rajasthan Election 2018 : More Than 13 Lakh Youth Voters In Alwar
अलवर में प्रत्याशियों की किस्मत युवा मतदाताओं के हाथ में, जिले में इतने लाख मतदाता तय करेंगे प्रत्याशियों का भविष्य

अलवर. जिले की 11 विधानसभा सीटों पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों के 22 प्रत्याशी चुनाव मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं। इनकी किस्मत का फैसला 24.69 लाख मतदाताओं के हाथ में है। विशेष बात यह है कि इनमें से 13.20 लाख से ज्यादा मतदाता युवा (40 वर्ष तक उम्र) हैं। 8 प्रत्याशी इन युवा मतदाताओं की उम्र के हैं। यानि 14 प्रत्याशी इससे ज्यादा उम्र के हैं। इनमें से 6 प्रत्याशी तो सरकारी सेवाओं में सेवानिवृत्ति की आयु को पूरा कर चुनाव मैदान में संघर्ष कर रहे हैं।

कहीं हम उम्र तो कहीं दोगुना अंतर

मुण्डावर में भाजपा से मंजीत चौधरी और कांग्रेस (लोजपा गठबंधन) से भारत यादव चुनाव मैदान में हैं। ये दोनों प्रत्याशी हम उम्र हैं। बानसूर के दोनों प्रत्याशी भी लगभग हम उम्र हैं। उनकी उम्र में 3 साल का अंतर है। वहीं, थानागाजी से भाजपा प्रत्याशी डॉ. रोहिताश शर्मा की उम्र 74 साल है, जबकि कांग्रेस से सुनील कुमार इनसे करीब 36 साल छोटे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी की उम्र 38 साल है। वहीं, तिजारा से भाजपा प्रत्याशी संदीप दायमा 35 साल के हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी दुरुमियां 39 साल बड़े हैं। दोनों प्रत्याशियों की उम्र के बीच दुगुना से ज्यादा अंतर है। बहरोड़ से भाजपा प्रत्याशी मोहित यादव की उम्र 37 साल हैं तथा कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. आरसी यादव उनसे 27 साल बड़े हैं।

अंतिम प्रकाशन में बढ़े मतदाता

जिले में कुल 24 लाख 45 हजार 75 मतदाता थे, जिनमें से 13 लाख 20 हजार 593 युवा मतदाता थे। जिला प्रशासन की मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में कुछ मतदाता बढ़ गए हैं। अब कुल मतदाताओं की संख्या 24 लाख 68 हजार 998 हो गई है। इस हिसाब से 23 हजार 923 मतदाता और बढ़ गए हैं। इनमें युवा मतदाताओं की संख्या भी काफी हैं।

प्रत्याशियों की उम्र का गणित
40 वर्ष तक 8

40 वर्ष पार 14

41 से 50 वर्ष 5

51 से 60 वर्ष 5

61 से 70 वर्ष 3

71 से 75 वर्ष 3

Published on:
28 Nov 2018 10:15 am