
अलवर . विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दल, प्रत्याशियों के साथ ही प्रशासन भी शांति पूर्ण मतदान की तैयारी में जुटा है। प्रशासन ही नहीं, प्रत्याशियों की सबसे बड़ी चिंता संवेदनशील मतदान केन्द्र हैं। यही कारण जिला प्रशासन संवेदनशील मतदान केन्द्रों को चिह्नित करने में जुटा है।
विधानसभा चुनाव के लिए जिले के 11 विधानसभा क्षेत्रों में आगामी 7 दिसम्बर को वोट डाले जाएंगे। जिले में 24 लाख 68 हजार 998 मतदाता मतदान कर सकेंगे। इसके लिए जिले के 11 विधानसभा क्षेत्रों में 2697 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिले में 14034 कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया जाएगा। वहीं जिले में 414 एरिया व जोनल मजिस्ट्रेट लगाए जाएंगे।
थानागाजी क्षेत्र में 68 मतदान केन्द्र संवेदनशीलथानागाजी विधानसभा क्षेत्र में 68 मतदान केन्द्र संवेदनशील चिह्नित किए गए हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में संवेदनशील मतदान केन्द्रों को चिह्नित करने का कार्य किया जा रहा है। अभी तक थानागाजी विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा मतदान केन्द्र चिह्नित किए गए हैं। वहीं भयग्रस्त मतदाताओं को चिह्नित करने का कार्य भी किया जा रहा है। संभावना है कि आगामी 25 नवम्बर के बाद सभी विधानसभा क्षेत्रों में संवेदनशील मतदान केन्द्र व भयग्रस्त मतदाता चिह्नित करने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
विधानसभा क्षेत्र में यह भी रहेगी व्यवस्था: चुनाव के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तीन एफएसटी, तीन एसएसटी व एक वीवीटी की टीम तैनात रहेगी। यह टीम जिले में शांतिपूर्ण मतदान के लिए कार्य करेगी।
पुलिस ने किया एक लाख लोगों से सम्पर्क
जिले में शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिला पुलिस अधीक्षक एवं पुलिसकर्मियों ने एक लाख लोगों से सम्पर्क कर उनके व्यवहार की जानकारी ली है। वहीं बीट कांस्टेबलों के ग्रुप बनाए गए हैं। सभी संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर एक-चार का जाब्ता तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
चुनावी तैयारियां जोरों पर
जिले में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी व्यवस्था की जा रही है। संवेदनशील मतदान केन्द्रों को चिह्नित कंरने का कार्य 25 नवम्बर के बाद पूरा कर लिया जाएगा। वहीं संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर शांति पूर्ण मतदान के लिए पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था के बंदोबस्त किए जाएंगे।
-ओपी जैन , अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम अलवर