
अलवर. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की गौरव यात्रा गुरुवार को अलवर जिले में प्रवेश करेगी। यह यात्रा तीन दिन तक अलवर जिले में रहेगी और 22 सितम्बर को बानसूर में सभा के बाद कोटपूतली के लिए रवाना होगी। तीन दिवसीय गौरव यात्रा के दौरान जिले में पांच विधानसभा क्षेत्रों में सभा का आयोजन किया जाएगा। वहीं कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा। यात्रा की पहली सभा राजगढ़ में होगी और अलवर में कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत किया जाएगा।
गौरव यात्रा की तैयारियों की बुधवार को पार्टी नेताओं ने समीक्षा की। गौरव यात्रा की तैयारियों को अंजाम देने के लिए प्रदेशभर से नेताओं ने अलवर में मोर्चा संभाल लिया है। सभा व स्वागत कार्यक्रमों में अधिकाधिक लोगों को लाने के लिए कार्यकताओं को लक्ष्य दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा 20 सितंबर को थानागाजी विधानसभा क्षेत्र के सुरेर से जिले में प्रवेश करेगी। मुख्यमंत्री का शाम 4 बजे स्वागत कार्यक्रम होगा। इसके बाद राजगढ़ में शाम साढ़े चार बजे सभा होगी। राजगढ़ में सभा के बाद यात्रा मालाखेड़ा पहुंचेगी, जहां स्वागत किया जाएगा। इसके बाद अलवर ग्रामीण विधानसभा में ही महुवा में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद ्रशाम 7 बजे अलवर शहर में उनका स्वागत किया जाएगा। वे रात्रि विश्राम अलवर में करेंगी।
काले झंडे दिखाने वालों पर विशेष नजर
मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा के दौरान काले झंडे दिखाकर विरोध जताने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। सूत्रों के अनुसार पुलिस मुख्यालय से जिला पुलिस को इसके लिए विशेष हिदायत दी गई है। जिसके चलते पुलिस ऐसे संदिग्ध लोगों को चिह्निकरण और पाबंदी के लिए बुधवार को दिनभर दौड़ती रही। शाम को पुलिस को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाने की सूचना मिली तो पुलिस आंगनबाड़ी केन्द्र और कार्यकर्ताओं को मैनेज करती फिरी। यात्रा के दौरान भी पुलिस को ऐसे लोगों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर अरविंद कुमार ने बताया कि गौरव यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। अलोकतांत्रिक तरीका अपनाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गौरव यात्रा का आज का कार्यक्रम
स्थान समय कार्यक्रम
सुरेर दोपहर 4 बजे स्वागत
राजगढ़ शाम 4.30 बजे जनसभा
मालाखेड़ा शाम 6 बजे स्वागत
महुआ शाम 6.30 बजे स्वागत
अलवर शाम 7 बजे स्वागत