अलवर

राजस्थान पुलिस का बुरा व्यवहार, लावारिस बुजुर्ग को लोग ले गए थाने, तो ASI बोला- कहां से ले आए इस पागल को

पुलिस ने विक्षिप्त बुजुर्ग की मदद करने के बजाए उसे पागल बोलकर अपमानित कर दिया।
2 min read
Apr 04, 2019
Rajasthan Police Bad Behaviour In Alwar
राजस्थान पुलिस का बुरा व्यवहार, लावारिस बुजुर्ग को लोग ले गए थाने, तो ASI बोला- कहां से ले आए इस पागल को

अलवर. पुलिस को अक्सर ये पाठ पढ़ाया जाता है कि आमजन के साथ विनम्रता से पेश आएं, जिससे आमजन में पुलिस की प्रति विश्वास कायम रहे और पुलिस की छवि बेहतर बनी रहे। लेकिन खाकी के कई नुमाइंदे ही इसकी छवि धूमिल करने में लगे हैं। मंगलवार देर रात शहर कोतवाली थाना इलाके के पहाडग़ंज मोहल्ले में पुलिस की लावारिस विक्षिप्त बुजुर्ग के प्रति संवेदनहीनता और सूचना देने वाले आमजन के प्रति रूखा व्यवहार देखने को मिला।

हुआ यूं कि मंगलवार रात 11.30 बजे पहाडग़ंज मोहल्ले में करीब 65 वर्षीय विक्षिप्त घूम रहा था, जो इधर-उधर लोगों के घरों में घुस रहा था। मोहल्ले में लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने विक्षिप्त व्यक्ति को एक जगह बैठा लिया। पूछताछ करने पर वह कुछ बोल नहीं पा रहा था। मोहल्ले के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। करीब आधे घंटे बाद कोतवाली थाने की टीम जीप से वहां पहुंची। स्थानीय लोगों का कहना है कि जीप से उतरते ही कोतवाली थाने का एएसआई विक्षिप्त के बारे में जानकारी लेने के बजाय मौके पर मौजूद मोहल्ले वासियों को धमकाने लगा। एएसआई बोला ‘तुम लोग पुलिस को फोन कर रहे हो।

खुद ही इसे कहीं क्यों नहीं छोड़ आए, पुलिस कहां ले जाए इस पागल को। एएसआई के रूखे व्यवहार को देख मोहल्ले के लोग गुस्सा हो गए। लोगों ने एएसआई को खूब खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद पुलिसकर्मी बे-मन से विक्षिप्त को जीप में बैठाकर ले गए।

जांच करा कार्रवाई करेंगे

पुलिस महानिदेशक के स्पष्ट आदेश हैं कि थाने में आने वाले परिवादी और आमजन के साथ पुलिसकर्मी विनम्रता से व्यवहार करें। कोतवाली थाने के एएसआई ने विक्षिप्त के बारे में सूचना देने वालों के साथ अभद्र व्यवहार किया है तो यह गंभीर बात है। इसकी जांच करा दोषी एएसआई के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
राजीव पचार, जिला पुलिस अधीक्षक, अलवर।

Published on:
04 Apr 2019 04:40 pm