राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के लिए प्रशासन व पुलिस ने पूरी तैयारियां कर ली है।
अलवर. पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा से पूर्व ही भरतपुर में पुलिस में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आने एवं चार आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद अलवर में भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। परीक्षा को लेकर गुरुवार को आईजी हेमन्त प्रियदर्शी ने पुलिस अधिकारियों की बैठक ली और सभी पुलिस अधिकारियों को चाक-चौबंद रहने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि 14 व 15 जुलाई को आयोजित होने वाली पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को लेकर अलवर जिलें में 53 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इन केन्द्रों पर करीब 1 लाख 20 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
जिला पुलिस अधीक्षक राहुल प्रकाश ने बताया कि परीक्षा दो-दो पारियों में होगी। प्रथम पारी 10 से 12 बजे तथा द्वितीय पारी दोपहर 3 से 5 बजे रहेगी। परीक्षा को लेकर करीब दो हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा मेें प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को मूल प्रवेश पत्र के साथ एक फोटोयुक्त आईडी साथ लानी होगी।
नकलचियों पर रहेगी नजर
पुलिस कांस्टेबल भर्ती लिखित परीक्षा के दौरान पुलिस की नकलचियों पर विशेष नजर रहेगी। जिला पुलिस अधीक्षक के अनुसार परीक्षा में ज्यादातर दो तरह से नकल के प्रयास होते हैं। इनमें से एक तरीका ब्लूटूथ व दूसरा वास्तविक अभ्यर्थी की जगह फर्जी अभ्यर्थी है। इन दोनों तरीकों पर विशेष नजर रहेगी। परीक्षा कक्ष में किसी भी अभ्यर्थी को कोई उपकरण ले जाने की अनुमति नही दी जाएगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश कार्ड देखकर ही प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं।
पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर रोडवेज तैयार
परीक्षा को लेकर रोडवेज ने भी तैयारी शुरू कर दी है। अलवर के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज के अलवर आगार ने एडवांस बुकिंग की सेवा शुरू की है। ट्रेफिक मैनेजर सुनील भगवती के अनुसार परीक्षा में अलवर के ज्यादातर अभ्यर्थियों का भरतपुर व दौसा सेन्टर आया है। इनकी सुविधा के लिए अलवर आगार पर रिजर्वेशन विंडो खोली गई है। इस पर अभ्यर्थी सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक भरतपुर के लिए अपनी एडवांस सीट बुक करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 14 व 15 जुलाई को अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सुबह 4 बजे से ही भरतपुर के लिए बसें रवाना की जाएंगी। इस दिन प्रत्येक दस मिनट पर भरतपुर के लिए बस सेवा रहेगी। दौसा के लिए ट्रेफिक के हिसाब से गाडिय़ां लगाई जाएंगी। इतना ही नहीं दोनों दिन रोडवेज के एक कर्मचारी को भी भरतपुर भेजा जाएगा, जो परीक्षा छूटने के बाद अभ्यर्थियों के वापस अलवर लौटने के लिए बसों की व्यवस्था करेगा। उधर, मत्स्य नगर आगार की ओर से जयपुर व झुझुनूं के लिए अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी।