राजस्थान रोडवेज ने गर्मी की शुरुआत में ही यात्रियों को बड़ा तोहफा दिया है। 1 अप्रेल से दिल्ली-जोधपुर समेत कुछ रूटों पर नई एसी बसें चलाने का एलान किया है, जिसमें महिलाओं का किराया करीब आधा होगा। इन बसों में टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी गई है।
अलवर। जिले से यात्रियों को जल्द ही बेहतर और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलने जा रही है। राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से 1 अप्रैल से अलवर से दिल्ली, जोधपुर और सांवरिया सेठ के लिए एसी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इन तीनों मार्गों पर दो-दो वातानुकूलित बसें चलाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को सफर के दौरान अधिक सुविधा मिलेगी।
मत्स्य नगर डिपो के मुख्य प्रबंधक कुलदीप शर्मा के अनुसार, अलवर से जोधपुर के बीच एसी बस सेवा शाम 6 बजकर 45 मिनट पर रवाना होगी, जबकि जोधपुर से अलवर के लिए बस शाम 7 बजकर 30 मिनट पर चलेगी। इस मार्ग पर पुरुष यात्रियों के लिए किराया 990 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि महिला यात्रियों को रियायती दर पर 515 रुपये किराया देना होगा।
इसी तरह अलवर से दिल्ली के लिए भी एसी बसों का संचालन तय किया गया है। अलवर से दिल्ली के लिए बसें सुबह 5 बजे, सुबह 10 बजकर 30 मिनट और दोपहर 3 बजकर 48 मिनट पर रवाना होंगी। वहीं दिल्ली से अलवर के लिए बसें सुबह 4 बजकर 24 मिनट, सुबह 10 बजकर 36 मिनट और शाम 5 बजकर 15 मिनट पर संचालित की जाएंगी। इस मार्ग पर पुरुष यात्रियों के लिए किराया 362 रुपये और महिला यात्रियों के लिए 273 रुपये तय किया गया है।
रोडवेज प्रशासन ने इन बसों की ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है, ताकि यात्री पहले से ही अपनी सीट आरक्षित कर सकें। मत्स्य नगर डिपो को फिलहाल चार एसी अनुबंधित बसें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनके माध्यम से इन मार्गों पर सेवाएं शुरू की जा रही हैं।
इसके अलावा अलवर डिपो की ओर से प्रसिद्ध तीर्थ स्थल सांवरिया सेठ के लिए भी एसी बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इस रूट पर एक बस अलवर से शाम करीब 5 बजे रवाना होगी। हालांकि इस बस का किराया अभी तय नहीं किया गया है।
रोडवेज की इस नई पहल से अलवर, भिवाड़ी, दिल्ली, जयपुर, अजमेर और जोधपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। एसी बसों के संचालन से लंबी दूरी का सफर पहले की तुलना में अधिक आरामदायक और सुविधाजनक हो सकेगा।