
Rajasthan Influencer Meenu Raj Family Attack: अलवर। खैरथल-तिजारा जिले के बीबीरानी गांव के सैनवास में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मीनू राज और उनके परिवार पर पड़ोसियों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों, फरसी, तलवार और कुल्हाड़ी से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। घटना में मीनू राज और उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को देर रात उपचार के लिए अलवर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
मीनू राज के अनुसार, उनके घर के बाहर खाली जगह पर पड़ोसियों की कड़बी लगी हुई थी। आरोप है कि कड़बी का मुंह उनके घर की तरफ कर दिया गया था, जिससे उसका कचरा उनके घर में आ रहा था। इस बात को लेकर मीनू राज के पति ने पड़ोसियों से कड़बी की दिशा बदलने के लिए कहा था। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और पड़ोसी लाठी-डंडे, फरसी, तलवार और कुल्हाड़ी लेकर उनके घर में घुस आए। इसके बाद परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई, जिसमें पति-पत्नी दोनों घायल हो गए।
मामले में लेखराज, धनु, बलराम सहित अन्य लोगों पर हमला करने के आरोप लगाए गए हैं। मीनू राज का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मामला किशनगढ़बास थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। गौरतलब है कि मीनू राज सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं और इंस्टाग्राम पर उनके बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 23 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। इसके अलावा फेसबुक पर उनके करीब 58 लाख और यूट्यूब पर 25 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर जुड़े हुए हैं।