अलवर. सरिस्का की जमीन पर अतिक्रमण रोकने और वन संपदा बचाने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों की है, उनके कार्यालय के पीछे ही छह बीघा जमीन पर कब्जा हो गया। हैरानी की बात यह है कि एक-दो महीने नहीं, बल्कि करीब एक साल में यहां कई पक्के कमरे, शौचालय, बोरिंग, फेंसिंग और गेट तक बना दिए गए, लेकिन भूरा सिद्ध मंदिर मार्ग स्थित क्षेत्रीय वन अधिकारी और उनके स्टाफ को इसकी भनक तक नहीं लगी।
आरोप है कि सैकड़ों हरे पेड़ों को काटकर जमीन पर पक्का निर्माण किया गया। अब इस जगह को धार्मिक स्थल का रूप देने के साथ कुछ हिस्से में फार्म हाउस भी विकसित किया जा रहा है। बिजली फिटिंग का काम भी जारी है। आसपास के लोगों ने कई बार रेंजर कार्यालय को इसकी जानकारी दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में वन विभाग के अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। अब रेंजर मौका रिपोर्ट तैयार करवाकर एसीएफ कोर्ट में मामला दायर करने की बात कह रहे हैं।