अलवर

राजगढ़-बांदीकुई मेगा हाईवे पर हादसा: स्कूल वैन पलटी, 11 बच्चों समेत 13 घायल

राजगढ़-बांदीकुई मेगा हाईवे पर मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा होते-होते टल गया। गोठ गांव के समीप विद्यार्थियों से भरी एक निजी स्कूल की वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।

2 min read
Apr 28, 2026

राजगढ़-बांदीकुई मेगा हाईवे पर मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा होते-होते टल गया। गोठ गांव के समीप विद्यार्थियों से भरी एक निजी स्कूल की वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में वैन में सवार 11 स्कूली बच्चों के अलावा स्कूल की एक अध्यापिका और चालक समेत कुल 13 लोग घायल हो गए। गनीमत यह रही कि सभी को समय पर अस्पताल पहुँचा दिया गया।

बाइक को बचाने के चक्कर में पलटी गाड़ी

प्रत्यक्षदर्शियों और वाहन चालक के अनुसार बांदीकुई स्थित एक निजी स्कूल की वैन हमेशा की तरह मंगलवार सुबह राजगढ़ से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। वैन चालक विश्राम गुर्जर ने बताया कि जैसे ही वाहन गोठ गांव के पास पहुँचा, अचानक सामने से एक बाइक आ गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया और दिशा बदलने की कोशिश की, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया।


हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासी जगदीश प्रसाद शर्मा ने बताया कि उन्होंने शोर सुनते ही अन्य ग्रामीणों के साथ तुरंत मौके पर पहुँच कर बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। घायल छात्रा अक्षिता मीना ने अस्पताल में जानकारी देते हुए बताया कि वैन में बैठे सभी बच्चे स्कूल जाने की तैयारी में थे, तभी अचानक यह हादसा हुआ। वहीं, स्कूल की अध्यापिका मनप्रीत कौर ने बताया कि ईश्वर की कृपा से सभी बच्चे सुरक्षित हैं और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है।

अस्पताल में लगी भीड़, सभी घायलों को मिली छुट्टी

दुर्घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थानाधिकारी राजेश मीना पुलिस बल के साथ तुरंत राजगढ़ चिकित्सालय पहुँचे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद सभी 13 घायलों को छुट्टी दे दी गई।

ये हुए घायल

इस हादसे में घायल होने वालों में गौरांश पुत्र यश पटवा, पुनीत पुत्र सोनू परेवा, पुनीत पुत्र जसमीत, छवि पुत्री महेश गुप्ता, अंशु पुत्र जीतेन्द्र शर्मा, राजेश यादव पुत्र कंवर पाल, सक्षम पुत्र जीतेन्द्र शर्मा, अक्षिता पुत्री हरफूल मीना, कुश शर्मा पुत्र राजेन्द्र शर्मा, विशाल पुत्र राजकुमार गुप्ता, तन्मय पुत्र महेश शर्मा, अध्यापिका मनप्रीत पत्नी जसमीत कौर और चालक विश्राम गुर्जर पुत्र रामजीलाल शामिल हैं। फिलहाल सभी बच्चे अपने परिजनों के साथ सुरक्षित घर पहुंच चुके हैं। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर स्कूली वाहनों की तेज रफ्तार और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Published on:
28 Apr 2026 11:37 am
Also Read
View All