पंचों में रोष व्याप्त
अलवर. राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र की पुराना राजगढ़ ग्राम पंचायत की चौथी मीटिंग आयोजित नहीं होने पर गुस्साए पंचों ने मंगलवार दोपहर को राजीव गांधी सेवा केन्द्र के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर दी।
पुराना राजगढ़ ग्राम पंचायत के पंच प्रकाश चंद सैनी, लोकेश कुमार सैनी, नरेश कुमार कोली, सुनील शर्मा, जगदीश योगी, उप सरपंच कन्हैया लाल सैनी ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी गिरधारी लाल सैनी के पास ग्राम पंचायत कलेशान व पुराना राजगढ़ का चार्ज होने के कारण ग्राम पंचायत की मंगलवार को आयोजित चौथी मीटिंग में ग्राम विकास अधिकारी के उपस्थित नहीं होने पर पंचों ने रोष व्यक्त किया। पंचों ने बताया कि इससे पहले भी तीन मीटिंग आयोजित नहीं हो पाई। जिसके चलते ग्राम पंचायत की नालियोंं की सफाई नही हो पाई, पेयजल समस्या का निराकरण भी नही हो पाया। कलेशान रोड पर नालियां नही होने के कारण सडक़ मार्ग पर गन्दा पानी जमा हो रहा है लेकिन नालियों का निर्माण भी नहीं हो पाया है।
ग्राम विकास अधिकारी के पास दो ग्राम पंचायतों का चार्ज होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। ई-मित्र वाला नहीं आता है जिसके कारण निर्धन तबके के लोगों के राशन कार्ड में त्रुटि होने के कारण खाद्य सुरक्षा में उनका नाम नहीं जुड़ पाया है। लॉकडाउन से ही उन्हें खाद्य सुरक्षा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। पंचों ने बताया कि 10 बजे से वो पंचायत भवन में बैठे रहे, लेकिन ग्राम विकास अधिकारी तबीयत खराब होने के कारण वहां से चले गए। पंचों ने राजीव गांधी सेवा केन्द्र से कर्मचारियों को बाहर निकालकर ग्राम पंचायत पुराना राजगढ़ में स्थायी रूप से ग्राम विकास अधिकारी लगाए जाने की मांग को लेकर मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। पंचों का कहना है जब तक ग्राम विकास अधिकारी स्थायी रूप से नहीं लगाया जाएगा तब तक तालाबंदी जारी रहेगी।
ग्राम विकास अधिकारी की तबियत खराब होने पर वह चले गए
राजीव गांधी सेवा केन्द्र में मंगलवार को आयोजित मीटिंग में ग्राम विकास अधिकारी गिरधारी लाल सैनी आए थे, लेकिन अचानक तबीयत खराब होने के चलते वो मीटिंग से पहले ही चले गए। पंचों ने चौथी बार मीटिंग नहीं होने पर विरोध जताते हुए पंचायत भवन के ताला लगा दिया।
-रामावतार सैनी, सरपंच ग्राम पंचायत पुराना राजगढ़