अलवर

Railway News: ट्रेनों में भारी भीड़: कई रूटों पर 80 पार पहुंची वेटिंग, कन्फर्म टिकट के लिए मारामारी

Railway News: रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस के कारण ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। घर जाने वाले यात्रियों को लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनें चलाने और अतिरिक्त कोच लगाने के बावजूद यात्रियों को कन्फर्म टिकट पाने में खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।
2 min read
Aug 13, 2026
Railway News
Railway News

Railway News: रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। त्योहारों के चलते बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ समय बिताने के लिए अपने घरों की ओर रवाना हो रहे हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों में सबसे अधिक दबाव देखने को मिल रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं।

कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा

वहीं कुछ विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया जा रहा है। इसके बावजूद यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। कई ट्रेनों में वेटिंग 50 तक पहुंच गई है। इससे यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने में परेशानी हो रही है। टिकट बुकिंग के दौरान यात्रियों को लंबी वेटिंग मिल रही है। कन्फर्म टिकट के लिए यात्री लगातार विकल्प तलाश रहे हैं। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद यात्रियों की परेशानी कम नहीं हो रही है।

विशेष ट्रेनों के संचालन का प्रयास

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, त्योहारी सीजन को देखते हुए अतिरिक्त कोच लगाने और विशेष ट्रेनों के संचालन का प्रयास किया गया है, लेकिन यात्रियों की संख्या अपेक्षा से अधिक होने के कारण राहत नहीं मिल पा रही है। सबसे अधिक दबाव दिल्ली और यूपी की ओर जाने वाली ट्रेनों में देखा जा रहा है।

इन रूटों की अधिकांश ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। रेलवे स्टेशन पर हर दिन करीब 40 से 45 फीसदी यात्री बिना आरक्षण के भी यात्रा कर रहे हैं। इससे सामान्य कोचों के साथ-साथ प्लेटफॉर्म पर भी भारी भीड़ का दबाव बना हुआ है। रेलवे का कहना है कि ट्रेनों के संचालन और अतिरिक्त कोचों के बावजूद मांग लगातार बढ़ रही है।

इन ट्रेनों में लंबी वेटिंग

अलवर से दिल्ली और जयपुर जाने वाली कई ट्रेनों में यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। 22491 मंडोर सुपरफास्ट में 30 से अधिक वेटिंग है। 19403 भुज-दिल्ली एक्सप्रेस में 17 अगस्त तक वेटिंग फुल है। 14661 शालीमार-मलानी एक्सप्रेस में 40 से 50 वेटिंग है। जयपुर जाने वाली 15014 रानीखेत एक्सप्रेस में 16 अगस्त तक वेटिंग फुल है। 12414 गलता धाम पूजा सुपरफास्ट में 15 अगस्त तक 70 से 80 के बीच वेटिंग है। 12403 प्रयागराज-लालगढ़ में 23 अगस्त तक करीब 10 और 14321 आला हजरत में 20 से अधिक और 2916 आश्रम एक्सप्रेस में 50 से अधिक वेटिंग है।

Updated on:
13 Aug 2026 12:02 pm
Published on:
13 Aug 2026 12:02 pm