Alwar News Today: अलवर में निजी स्कूल के मालिक के घर 15 लाख रुपए से अधिक की डकैती हुई है। करीब 5 बदमाशों ने बुधवार देर रात इस घटना को अंजाम दिया।
राजस्थान के अलवर में निजी स्कूल के मालिक के घर 15 लाख रुपए से अधिक की डकैती हुई है। करीब 5 बदमाशों ने बुधवार देर रात इस घटना को अंजाम दिया। अलवर शहर के पॉश इलाके में स्थित एक मकान में बेखौफ अपराधियों द्वारा की गई डकैती की इस वारदात के बाद मोहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल है। पीड़ित बुजुर्ग दंपति ने बताया कि देर रात करीब डेढ़ बजे बेसमेंट के रास्ते 5 बदमाश घर में दाखिल हो गया।
इस दौरान बदमाशों ने मुझे और मेरी पत्नी को बंधक बना लिया, तिजोरी की चाबियां निकाल लीं और अलमारियों से नकदी, सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। करीब डेढ़ घंटे तक घर के सभी कमरों में लूटपाट की। जो भी कीमती सामान मिला, उसे लूट ले गए। बुजुर्ग दंपती ने बताया कि घटना वाले दिन वे अकेले थे। बेटा और बहू रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने उत्तर प्रदेश के बरेली शहर गए हुए थे। बेटा चार्टर्ड अकाउंटेंट है। वे अलवर शहर में निजी स्कूल चलाते हैं। घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने बेटे को सूचना दी। लूट की यह वारदात शहर के आर्यनगर (स्कीम नंबर 1) इलाके में हुई।
शहर के बीच पॉश इलाके में हुई इस लूट ने सभी को डरा दिया है। आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल बन गया है। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दंपती से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जानकारी ली। घर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो वीडियो में नकाबपोश बदमाश लूटे गए सामान के साथ बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस तकनीकी टीम की मदद ले रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।