अलवर

राजर्षि कॉलेज में पहली बार अलग-अलग हुई शपथ, पहले किरोड़ी फिर जूली ने दिलाई शपथ, अध्यक्ष ने किया बहिष्कार

अलवर के राजर्षि महाविद्यालय में पहली बार दो बार शपथ ग्रहण हुई। पहले किरोड़ी मीणा ने अध्यक्ष को शपथ दिलाई। फिर समारोह में टीकाराम जूली ने उपाध्यक्ष व महासचिव को शपथ दिलाई।
2 min read
Feb 11, 2019
RR College Alwar : Two Oath Ceremony In RR College Alwar
राजर्षि कॉलेज में पहली बार अलग-अलग हुई शपथ, पहले किरोड़ी फिर जूली ने दिलाई शपथ, अध्यक्ष ने किया बहिष्कार

राजर्षि महाविद्यालय में विवाद के चलते एक ही छात्रसंघ कार्यकारिणी का रविवार को दूसरी बार शपथ ग्रहण समारोह हुआ। महाविद्यालय प्रशासन व छात्रसंघ अध्यक्ष के बीच विवाद के चलते शनिवार को राज्यसभा सदस्य किरोड़ी लाल मीणा ने छात्रसंघ अध्यक्ष को शपथ दिलाई। वहीं रविवार को श्रम मंत्री टीकाराम जूली ने छात्रसंघ उपाध्यक्ष व महासचिव को शपथ दिलाई। राजर्षि महाविद्यालय में रविवार को छात्र संघ के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। इस छात्रसंघ उद्घाटन कार्यक्रम में मंत्री टीकाराम जूली ने महाविद्यालय के उपाध्यक्ष सूरजभान वर्मा व महासचिव प्रमोद बैरवा को शपथ दिलाई। महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष व सचिव इस कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय प्राचार्य ने सत्र 2017-18 की वार्षिक गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

खाली रह गई कुर्सियां

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय स्टॉफ व चंद विद्यार्थी ही मौजूद रहे। इस वजह से पीछे की कुर्सियां खाली रह गई। छात्रसंघ अध्यक्ष व कॉलेज प्रशासन में विवाद के कारण अध्यक्ष समर्थित छात्र इस कार्यक्रम में नहीं आए। वहीं रविवार को महाविद्यालय का अवकाश होने के कारण कार्यक्रम में विद्यार्थियों की संख्या काफी कम रही।

अंदर कार्यक्रम, बाहर बैठे रहे अध्यक्ष

कार्यक्रम के दौरान राजर्षि महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष विवेक शर्मा छात्रसंघ कार्यालय के बाहर बैठे रहे। उन्होंने बताया कि वे किसी काम से कार्यालय आए थे, लेकिन यहां ताला होने के कारण वे कमरे के बाहर ही बैठे रहे, उन्होंने कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया। वहीं छात्रसंघ सचिव दुष्यंत सिंह भी कार्यक्रम के दौरान नजर नहीं आए।

पुलिस जाब्ता तैनात रहा

महाविद्यालय में दो दिन से चल रहे विवाद को देखते हुए भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा। महाविद्यालय में प्रशिक्षु आइपीएस ऋचा तोमर, सीओ साउथ अशोक चौहान, सीओ ग्रामीण दीपक शर्मा, कोतवाल जितेन्द्र सोलंकी सहित पुलिस व क्यूआरटी के जवान तैनात रहे।

जल्दी में थे अतिथि

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि टीकाराम जूली काफी जल्दी में दिखे। इसलिए उन्होंने संक्षिप्त में अपना भाषण समाप्त किया। समय की कमी की वजह से कई सांस्कृतिक प्रोग्राम भी नहीं हुए। जल्दबाजी के कारण स्टेज पर प्रस्तुति देने आई छात्रा को वापस भेज दिया गया, इसके बाद छात्रा रोने लगी तो जूली से आग्रह किया गया, इसके बाद छात्रा को वापस प्रस्तुति के लिए बुलाया गया। कार्यक्रम कुल 45 मिनट तक चला।

विवाद के कारण अलग-अलग हुई शपथ

राजर्षि महाविद्यालय में छात्रसंघ उद्घाटन समारोह को लेकर विवाद रहा। छात्रसंघ अध्यक्ष राज्य सभा सदस्य किरोड़ी लाल मीणा से उद्घाटन करवाना चाहते थे, लेकिन महाविद्यालय प्रशासन ने इसके लिए मंत्री टीकाराम जूली को तय किया था। इसके बाद छात्रसंघ अध्यक्ष शनिवार को दिनभर धरने पर बैठे रहे। रात को किरोड़ी लाल मीणा पहुंचे और धरना समाप्त करा उन्हें शपथ दिलवाई। वहीं रविवार को श्रम मंत्री टीकाराम जूली ने उपाध्यक्ष व महासचिव को शपथ दिलवाई।

Published on:
11 Feb 2019 09:38 am