अलवर

सरिस्का के बाघ-बघेरों पर अब मंडराने लगा नया खतरा, वन्यजीवों को हो रही है परेशानी

https://www.patrika.com/alwar-news/

2 min read
Aug 01, 2018
Sariska : Illegal construction is become new problem in sariska
सरिस्का के बाघ-बघेरों पर अब मंडराने लगा नया खतरा, वन्यजीवों को हो रही है परेशानी

अलवर. सरिस्का के कोर एवं बफर एरिया में होटल, रेस्टोरेंट व अन्य व्यावसायिक निर्माण बाघ-बघेरे एवं अन्य वन्यजीवों की राह में रोडे बन गए हैं। यही कारण है कि पूर्व में कई बार बाघ-बघेरे राह भटक कर आबादी क्षेत्रों में पहुंच बड़ी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।

सरिस्का बाघ परियोजना के कोर व बफर एरिया में मानवीय व व्यावसायिक गतिविधियों को प्रतिबंधित किया गया है। इसके बाद भी कोर एवं बफर एरिया में होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियों की भरमार दिखाई पड़ती है। होटल एवं अन्य व्यावसायिक स्थलों पर लोगों की भीड़ भाड़ एवं छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही ने सरिस्का की आबोहबा ही बदल दी है। बाघ परियोजना के कोई भी मार्ग इस समस्या से अछूता नहीं रहा।

सरिस्का के सर्वे में 300 से ज्यादा अतिक्रमण

सरिस्का बाघ परियोजना में पिछले दिनों व्यावसायिक निर्माण एवं अन्य अतिक्रमण का सर्वे कराया गया। इसमें करीब 304 अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। सरिस्का प्रशासन इन अतिक्रमियों को नोटिस देने में जुटा है। अब तक करीब 40 अतिकमण करने वाले लोगों को नोटिस दिए
गए हैं।

कोर एरिया में व्यावसायिक निर्माण हैं बड़ी समस्या

सरिस्का के कोर एरिया में बड़ी संख्या में व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। इन पर सुबह से रात तक लोगों की भीड़ रहती है। वहीं इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर रोड पर लंबी कतार में ट्रक एवं अन्य भारी वाहनों के अलावा छोटे वाहन भी खड़े दिखाई देते हैं। इन वाहनों के संचालन से निकलने वाला धुआं सरिस्का की शुद्ध आबोहवा को खराब कर प्रदूषण की समस्या को बढ़ा रहा है। सुबह से रात तक कोर एरिया के मार्गों पर हजारों की संख्या में वाहन निकलते हैं, जिससे सरिस्का में प्रदूषण की समस्या गहराती जा रही है।

बफर क्षेत्र में भी अतिक्रमण की समस्या

सरिस्का के बफर क्षेत्र में भी अतिक्रमण की समस्या कम नही है। अलवर बफर क्षेत्र प्रस्तावित इको सेंसेटिव जोन में शामिल होने के बावजूद यहां अवैध तरीके से निर्माण एवं भूखण्डों का बेचान हो रहा है। इस पर रोक नहीं लगने का परिणाम है कि आबादी क्षेत्र व वन्यजीवों क विचरण की दूरी में ज्यादा अंतर नहीं बचा।

अतिक्रमियों को दे रहे नोटिस

सरिस्का में अतिक्रमण करने वालों को नोटिस देने की कार्रवाई की जा रही है। अब तक 35-40 ऐसे लोगों को नोटिस दिए भी जा चुके हैं। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हेमंत सिंह, डीएफओ, सरिस्का बाघ परियोजना

Published on:
01 Aug 2018 04:05 pm