अलवर

नए साल में सरिस्का में घूमना है तो क्या करें

नए साल में सरिस्का में सफारी का आनंद लेना है तो 5 जनवरी के बाद घूमने आए, क्योंकि सरिस्का में पांच जनवरी तक सफारी ऑनलाइन फुल हो चुकी है। सरिस्का में 20 जिप्सी व 15 केंटर की पहले ही ऑनलाइन बुकिंग फुल है। जानिए नए साल में सरिस्का में घूमना है तो क्या करें।
2 min read
Dec 24, 2023
नए साल में सरिस्का में घूमना है तो क्या करें
नए साल में सरिस्का में घूमना है तो क्या करें

यदि आप सरिस्का टाइगर रिजर्व में सफारी का आनंद लेना चाहते हैं तो अगले साल 5 जनवरी के बाद ही आएं, कारण है कि इस साल 23 दिसम्बर से नए साल में 5 जनवरी तक सरिस्का में सफारी की ऑनलाइन बुकिंग पहले ही पूरी हो चुकी है। इस दौरान सफारी के लिए ऑफ लाइन बुकिंग का विकल्प भी नहीं रहेगा।

स्कूलों में सर्दी के अवकाश शुरू होने तथा क्रिसमस एवं वर्ष 2023 के समापन के चलते इन दिनों लोग परिवार के साथ पर्यटक स्थलों पर घूमने- फिरने का प्लान बना रहे हैं। अलवर जिला पर्यटन की खान है, इसलिए पर्यटक स्थलों के प्रति आकर्षण बढ़ने से लोग अलवर की ओर रूख करने लगे हैं। लेकिन यदि आप क्रिसमस या नए साल में सरिस्का टाइगर रिजर्व में सफारी का आनंद लेने की सोच रहे हैं तो आपको कुछ दिन इंतजार करना पड़ सकता है। कारण है कि सरिस्का में गत 23 दिसम्बर से आगामी 5 जनवरी तक सफारी के लिए ऑनलाइन बुकिंग पहले ही फुल हो चुकी है।

जिप्सी व केंटर में नहीं जगह

क्रिसमस से लेकर नए साल आगमन तक सरिस्का टाइगर रिजर्व में सफारी के सभी वाहनों की बुकिंग फुल है। सरिस्का में फिलहाल 20 जिप्सी एवं 15 केंटर हैं, जो कि आगामी 15 जनवरी तक पहले ही बुक है। इसलिए बिना एडवांस बुकिंग के आने वाले पर्यटकों को सरिस्का में सफारी को लेकर परेशानी हो सकती है। इस दौरान पर्यटकों को सफारी के लिए ऑफ लाइन बुकिंग नहीं होगी।

रविवार को रही पर्यटकों की भीड़

क्रिसमस से एक दिन पूर्व रविवार को सरिस्का में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर की पारी में पर्यटक स्वागत केन्द्र के आसपास बड़ी संख्या में पर्यटक सफारी की तैयारी में दिखाई दिए।

अक्टूबर से मार्च सरिस्का में सफारी का बेहतर समय

सरिस्का में सफारी के लिए सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च है, जब मौसम शीतल और सुहावना होता है। इस दौरान बाघों और अन्य जानवरों की साइटिंग की अधिक संभावना होती है।

सिलीसेढ़ पर उमड़े पर्यटक

स्कूलो में सर्दी के अवकाश शुरू होते हीे रविवार को बड़ी संख्या में लोग पर्यटक स्थलों की ओर निकल गए। अलवर के समीप सिलीसेढ़ झील पर दिन में पर्यटकों की काफी भीड़ रही। सिलीसेढ़ लेक पैलेस में रविवार को दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान से आए पर्यटकों की लगभग 350 गाड़ियों को प्रवेश दिया गया। पर्यटकों ने बोटिंग का आनंद लिया और सिलीसेढ़ झील को निहारते रहे।

Updated on:
24 Dec 2023 11:44 pm
Published on:
24 Dec 2023 11:44 pm