9 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में ट्रेलर से 3.7 टन मादक पदार्थ बरामद, पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार

राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। जौ की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही 3.7 टन डोडा चूरा की खेप पकड़ी गई है। मामले में पंजाब के दो तस्कर पकड़े गए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
2 min read
Google source verification

अलवर

image

Kamal Mishra

Jul 09, 2026

Drug Smuggling

Drug Smuggling: बहरोड़ पुलिस की कार्रवाई में बरामद मादक पदार्थ (फोटो-पत्रिका)

अलवर। राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जौ की बोरियों की आड़ में छिपाकर ले जाए जा रहे करीब 3.7 टन अवैध डोडा चूरा से भरे एक ट्रेलर को जब्त किया है। इस कार्रवाई में पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपए आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बताया कि प्रागपुरा थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध ट्रेलर खड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रेलर की तलाशी ली। शुरुआती जांच में ट्रेलर में जौ के कट्टे भरे दिखाई दिए, लेकिन जब पुलिस ने गहनता से जांच की तो उनके नीचे बड़ी मात्रा में डोडा चूरा छिपाकर रखा गया था।

181 कट्टा मादक पदार्थ बरामद

पुलिस ने ट्रेलर से कुल 181 कट्टों में भरा करीब 3.7 टन अवैध डोडा चूरा बरामद किया। इसके बाद ट्रेलर को जब्त करते हुए मौके से पंजाब के फाजिल्का निवासी निर्मल सिंह (47) और सुखवेंद्र सिंह (26) को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

संगठित गिरोह सक्रिय होने की संभावना

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस राज्य या स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस अवैध कारोबार में एक संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है।

यह वीडियो भी देखें :

बड़े नेटवर्क के खुलासे की आशंका

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए जिले में लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी अभियान के दौरान मिली सूचना के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई संभव हो सकी। अधिकारियों का मानना है कि इस बरामदगी से तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।

तस्करों से पूछताछ कर रही पुलिस

कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच के आधार पर यह भी पता लगाया जाएगा कि इस खेप के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसे किन माध्यमों से विभिन्न राज्यों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।