अलवर

सरिस्का के 14 शावकों को चाहिए टेरेटरी के लिए जगह, कब होगा जंगल का विस्तार

सरिस्का टाइगर रिजर्व में 14 शावक लगातार ताकतवर हो रहे हैं और अपनी टेरेटरी बनाने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। इससे अधिकारियों की भी धड़कनें बढ़ रही हैं।

2 min read
Feb 25, 2026
Forests and Tiger Reserves Are Proving Insufficient for Tigers in MP

अलवर. सरिस्का टाइगर रिजर्व में 14 शावक लगातार ताकतवर हो रहे हैं और अपनी टेरेटरी बनाने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। इससे अधिकारियों की भी धड़कनें बढ़ रही हैं। इन शावकों को टेरेटरी के लिए करीब 560 हेक्टेयर एरिया चाहिए। इनके लिए जंगल छोटा पड़ रहा है। ऐसे में दौसा और जयपुर का जंगल सरिस्का में शामिल करने की जरूरत है। नहीं तो मानव व वन्यजीव संघर्ष बढ़ने की संभावना बढ़ेगी।
सरिस्का का एरिया 1213 वर्ग किमी है। यहां 49 टाइगर निवास करते हैं। एक टाइगर के लिए 40 से 50 वर्ग किमी का एरिया टेरेटरी के लिए चाहिए। ऐसे में यह जंगल बाघों के मुताबिक छोटा पड़ने लगा है। जुलाई से अक्टूबर तक 14 शावक बाघ की श्रेणी में शामिल होंगे। टेरेटरी ढूंढेंगे, लेकिन उनके अनुसार जगह होगी, तभी वह जंगल में रुक पाएंगे। अन्यथा बाहर निकलेंगे। सरिस्का के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक आरएस शेखावत ने बताया कि दौसा, जयपुर आदि जगहों के जंगलों को मिलाकर कॉरिडोर बनाना चाहिए। अगर जंगल शामिल नहीं होंगे, तो यह टाइगर बाहर निकलेंगे, जिससे खतरा भी हो सकता है। निगरानी भी कड़ी करनी होगी। जंगल से बाहर आने के बाद और समस्याएं जन्म लेंगी।
इस तरह किया हमला
एक साल पहले सरिस्का का बाघ एसटी-2303 जंगल से निकलकर हरियाणा जा पहुंचा था। उसके हमले में 5 लोग घायल भी हुए थे। एक माह बाद उसे ट्रेंकुलाइज करके दूसरी जगह ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
दो बाघिन की टेरेटरी तक जा सकता है एक बाघ
सीनियर गाइड विजय सिंह ने कहा कि एक बाघ दो बाघिन की टेरेटरी तक जा सकता है, लेकिन बाघ किसी दूसरे बाघ की टेरेटरी में प्रवेश नहीं कर सकता। यदि ऐसा होता है, तो फिर परिणाम युद्ध है। जंगलों के बाघों की अधिकतम आयु 18 से 20 साल होती है और चिडि़याघरों के बाघों की उम्र 22 साल तक होती है। एक बाघ शिकार करने के बाद उसका आनंद लेता है और फिर रातभर वह अपनी टेरेटरी में चलता है। करीब 40 से 50 वर्ग किमी एरिया में वह घूम लेता है। टेरेटरी के लिए इतना एरिया मिलना जरूरी है।
यह शावक बनाएंगे टेरेटरी
-13 मार्च 2024 को बाघिन एसटी-12 ने 4 शावकों को तालवृक्ष रेंज में जन्म दिया। इन शावकों की आयु अगले माह दो साल हो जाएगी।
-29 मई 2024 को एसटी-27 ने 2 शावकों को जन्म दिया। यह टहला रेंज में हैं। इन शावकों की आयु 21 माह हो गई।
-30 मई 2024 को एसटी-22 ने 4 शावकों को जन्म दिया था। यह शावक 21 माह के हो गए।
-11 जून 2024 को एसटी-17 ने 3 शावकों को जन्म दिया। अकबरपुर रेंज में निवास कर रहे इन शावकों की आयु करीब 20 माह हो गई।

Published on:
25 Feb 2026 11:06 am
Also Read
View All