16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिन के साथ-साथ रात का भी बढ़ने लगा तापमान, आगामी दिनों के लिए अलर्ट  

राजस्थान के अलवर जिले में सूर्यदेव के तेवर अब तीखे होने लगे हैं। बुधवार को सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किए जाने के बाद अब मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में लू (Heatwave) और तापमान में बढ़ोतरी की चेतावनी जारी की है।

2 min read
Google source verification

representative picture (patrika)

राजस्थान के अलवर जिले में सूर्यदेव के तेवर अब तीखे होने लगे हैं। बुधवार को सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किए जाने के बाद अब मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में लू (Heatwave) और तापमान में बढ़ोतरी की चेतावनी जारी की है।

मरुधरा में गर्मी ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है। अलवर जिले में दिन और रात के पारे में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। 15 अप्रेल को जिले का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा, जो इस सीजन का अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है। वहीं, रात का न्यूनतम पारा भी 22 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने से अब लोगों को रात के समय भी उमस और गर्मी सताने लगी है।

मौसम विभाग की चेतावनी: 43 डिग्री तक बढ़ेगा पारा

मौसम केंद्र के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री का और उछाल आने की संभावना है। 16 अप्रैल से 26 अप्रैल 2026 के बीच अलवर में भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप का दौर जारी रहेगा। अनुमान है कि अगले सप्ताह तक अधिकतम तापमान 41°C से 43°C के बीच पहुंच सकता है।

आगामी दिनों का मौसम पूर्वानुमान

16-17 अप्रैल (आज और कल): आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। 16 अप्रैल को धूलभरी आंधी और मेघगर्जन के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। तापमान 37°C से 39°C के बीच रहने की उम्मीद है।
18-20 अप्रैल: शनिवार से सोमवार के बीच मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा। धूप तेज होगी और पारा 40°C के पार जा सकता है।
21-26 अप्रैल: अप्रैल का अंतिम सप्ताह भीषण गर्मी लेकर आएगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान भी 25°C-29°C रहेगा, जिससे रातें भी काफी गर्म महसूस होंगी।

गर्मी से लोग बेहाल

हालांकि शहर में फिलहाल 'हीटवेव' की स्थिति नहीं है, लेकिन गर्म हल्की हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है और लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग का मानना है कि यदि तापमान में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही, तो जल्द ही लोगों को लू के थपेड़ों (Heatwave) से दो-चार होना पड़ेगा।

स्वास्थ्य सलाह

डॉक्टरों ने सलाह दी है कि बढ़ते तापमान को देखते हुए दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। अधिक से अधिक पानी पिएं और सूती व हल्के रंग के कपड़े पहनें ताकि डिहाइड्रेशन से बचा जा सके।