अलवर शहर में एलपीजी रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई दिनों पहले बुकिंग कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को सिलेंडर समय पर नहीं मिल पा रहे हैं।
अलवर शहर में एलपीजी रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई दिनों पहले बुकिंग कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को सिलेंडर समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। इसी समस्या के चलते मालवीय नगर स्थित मॉडर्न गैस सर्विस एजेंसी के बाहर शुक्रवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग गई।
एजेंसी के बाहर सूचना बोर्ड लगाया गया है, जिसमें लिखा है कि 10 मार्च तक बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को ही फिलहाल सिलेंडर वितरित किए जाएंगे। इस घोषणा के बाद मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी बढ़ गई और कुछ देर के लिए हंगामे जैसी स्थिति बन गई।
इस दौरान कुछ उपभोक्ता पुलिसकर्मियों से भी उलझ गए और उन्होंने सवाल किया कि पुलिस उनकी मदद करने आई है या उन्हें सिलेंडर लेने से रोकने के लिए। बाद में पुलिसकर्मियों ने लोगों को शांत कर समझाइश दी। जिला प्रशासन ने गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया है। उपभोक्ता गैस से संबंधित शिकायत के लिए कंट्रोल रूम नंबर 0144-2338000 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा आपात स्थिति में पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।