अलवर

Alwar: सिलीसेढ़ झील में पर्यटकों के दो गुट भिड़े, बोटिंग प्लेटफॉर्म पर चले लात-घूंसे

अलवर की सिलीसेढ़ झील पर घूमने आए पर्यटकों के दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। बोटिंग प्लेटफॉर्म पर दोनों पक्ष एक-दूसरे से भिड़ गए और जमकर लात-घूंसे व थप्पड़ चले। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
2 min read
Aug 19, 2026
silliserh lake alwar
बोटिंग प्लेटफॉर्म पर चले लात-घूंसे (फोटो - पत्रिका)

अलवर के प्रमुख पर्यटन स्थल सिलीसेढ़ झील पर घूमने आए पर्यटकों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। बोटिंग प्लेटफॉर्म पर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए और काफी देर तक लात-घूंसे व थप्पड़ चलाते रहे। इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य पर्यटकों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कहासुनी के बाद मारपीट शुरू

बताया जा रहा है कि दोनों गुट सिलीसेढ़ झील पर घूमने और बोटिंग के लिए पहुंचे थे। बोटिंग प्लेटफॉर्म पर किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। शुरुआत में लोगों ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते प्लेटफॉर्म पर मारपीट शुरू हो गई।

बोटिंग कर्मचारियों के अनुसार, जिस जगह दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई, वह झील के गहरे पानी के मुहाने के पास बना हुआ प्लेटफॉर्म है। ऐसे में वहां इस तरह की धक्का-मुक्की और मारपीट से बड़ा हादसा हो सकता था। मारपीट के दौरान दोनों पक्ष एक-दूसरे को धक्का देते और हाथापाई करते नजर आए।


गनीमत रही कि मारपीट के दौरान किसी पर्यटक का संतुलन नहीं बिगड़ा और कोई झील के गहरे पानी में नहीं गिरा। यदि कोई व्यक्ति पानी में गिर जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। कर्मचारियों का कहना है कि प्लेटफॉर्म पर उस समय काफी दबाव भी बन गया था। लगातार भीड़ और धक्का-मुक्की के कारण प्लेटफॉर्म को नुकसान पहुंचने का खतरा भी पैदा हो गया था। घटना के दौरान आसपास मौजूद अन्य पर्यटकों और बोटिंग स्टाफ ने बीच-बचाव किया। काफी प्रयास के बाद दोनों पक्षों को अलग किया गया और मामला शांत कराया गया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं

मारपीट की यह घटना अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पर्यटकों के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है। मामला अलवर के अकबरपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस शिकायत मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल झील पर पर्यटकों के बीच हुई मारपीट को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Updated on:
19 Aug 2026 03:14 pm
Published on:
19 Aug 2026 03:14 pm