20 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar News: अलवर में गोवंश के अवशेष मिलने पर हंगामा, हाईवे जाम

अलवर के सामोला चोक के पास गुरुवार दोपहर गोवंश के अवशेष मिलने से हंगामा हो गया। घटना की सूचना पर बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।
2 min read
Google source verification
alwar govansh remains

घटनास्थल पर मौजूद लोग

अलवर शहर के सामोला चोक के पास गुरुवार दोपहर गोवंश के अवशेष मिलने के बाद माहौल गरमा गया। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आक्रोश जताते हुए हाईवे पर बैठ गए। इस घटना के बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया।

सीसीटीवी कैमरों की जांच की मांग

प्रदर्शन के कारण हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार पहुंच गई और कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से समझाइश का प्रयास किया।

सीओ सिटी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और प्रशासन के सामने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग रखी। कार्यकर्ताओं का कहना था कि सामोला चौक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गोवंश के अवशेष वहां कौन छोड़कर गया।


पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने अवशेषों के पोस्टमार्टम की मांग भी रखी, जिससे घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सके। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अलवर में इस तरह की घटना पहले भी सामने आ चुकी है। उनका दावा है कि ऐसी घटनाएं अब तक कई बार हो चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बनी हुई है।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। इस दौरान पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभाली और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले में निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोल दिया। इसके बाद हाईवे पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ। पुलिस अब घटनास्थल से मिले अवशेषों और आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटा रही है।

साथ ही सीसीटीवी फुटेज की जांच सहित अन्य पहलुओं पर भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद इलाके में पुलिस जाब्ता तैनात रहा। प्रशासन और पुलिस की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।