20 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कोटपूतली-बहरोड़ में BJP नेता की कार पर हमला, गाड़ी को घेरकर बदमाशों ने चलाए लाठी-डंडे

Balwan Yadav Attack: कोटपूतली-बहरोड़ में भाजपा नेता बलवान यादव की फॉर्च्यूनर को दो बोलेरो सवार बदमाशों ने टक्कर मारकर लाठी-डंडों से हमला किया। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
2 min read
Google source verification

अलवर

image

Harshita Saini

Aug 20, 2026

Balwan Yadav Attack

बीजेपी नेता बलवान यादव पर हमला (Photo- Social Media)

कोटपूतली-बहरोड़ में भाजपा नेता बलवान यादव पर कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। बुधवार शाम काठूवास टोल नाके के पास दो बोलेरो में सवार बदमाशों ने उनकी फॉर्च्यूनर को घेर लिया। पहले कार को टक्कर मारी गई और फिर लाठी-डंडों से हमला कर शीशे, बोनट और दरवाजे तोड़ दिए गए। हमले के दौरान बलवान यादव कार में पीछे बैठे थे। हालांकि, उन्हें चोट नहीं आई और वे सुरक्षित हैं।

ओवरटेक को लेकर हुई थी बहस

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम वह रेवाड़ी-नारनौल हाईवे पर कुंड से काठूवास की तरफ जा रहे थे। उनकी गाड़ी ड्राइवर चला रहा था और वह पीछे बैठे थे। काठूवास टोल से करीब 6 किलोमीटर पहले दो बोलेरो में सवार लोगों से ओवरटेक करने को लेकर बहस हो गई। इसके बाद दोनों बोलेरो कभी उनकी कार के आगे तो कभी पीछे चलती रहीं और रास्ते में हुड़दंग करते रहे।

बलवान यादव के मुताबिक उनकी कार जैसे ही काठूवास टोल नाके के पास पहुंची, तभी एक गाड़ी पीछे से आई और बलवान की गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके बाद बदमाशों ने गाड़ी को तेजी से घुमाया और दूसरी लेन से होते हुए उनकी कार के सामने आ गए। उसके बाद बलवान की गाड़ी के दोनों तरफ गाड़ियां लगा दी गईं।

बदमाशों ने चलाए लाठी-डंडे

कार को दोनों तरफ से घेरने के बाद बोलेरो से करीब 6-7 लोग नीचे उतरे। बलवान यादव का आरोप है कि सभी के हाथों में लाठी-डंडे थे। इसके बाद उन्होंने हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने कार के शीशों के अलावा बोनट और दरवाजों पर भी लगातार वार किए। हमले की वजह से उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान बलवान यादव कार के अंदर ही बैठे थे।

बता दें, बलवान यादव बहरोड़ के कुंड रोड़ निवासी हैं। वह अलवर उत्तर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा उनकी पत्नी संतोष यादव नीमराना की प्रधान हैं। बलवान यादव राठ इंटरनेशनल स्कूल ग्रुप के चेयरमैन का पद भी संभालते हैं।

भीड़ इकट्ठी होने पर आरोपी फरार

हमले के दौरान जब आसपास लोगों की भीड़ जमा होने लगी तो दोनों बोलेरो सवार वहां से निकल गए। बलवान यादव के अनुसार बदमाश अपनी गाड़ियों को लेकर काठूवास की तरफ फरार हो गए। घटना के बाद उन्होंने मांढ़ण थाने पहुंचकर हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग और हमले से जुड़े दूसरे तथ्यों को जांच में शामिल कर रही है।

आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

मांढ़ण थानाधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बलवान यादव की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस काठूवास टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। रिकॉर्डिंग के आधार पर बोलेरो सवार लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद उनकी तलाश की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।