20 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Narayanpur: नारायणपुर में चोरों का आतंक: बच्चे की गर्दन पर चाकू लगाकर 53 हजार रुपए चुराए

नारायणपुर क्षेत्र के मुण्डावरा गांव में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। एक घर में महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बच्चे की गर्दन पर चाकू रख दिया और अलमारी से 53 हजार रुपए चुरा लिए। दूसरे घर में जाली उखाड़कर घुसे चोर तीन लोहे के संदूक उठाकर ले गए।
2 min read
Google source verification
narayanpur mundawara theft

चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान (फोटो - पत्रिका)

नारायणपुर उपखंड क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्राम पंचायत मुण्डावरा में मंगलवार-बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाया। एक वारदात में चोर घर के पीछे बने जंगले के रास्ते छत पर पहुंचे और जीना (सीढ़ी) से नीचे उतरकर अलमारी में रखे 53 हजार रुपए चोरी कर लिए। इस दौरान घर में मौजूद महिला और उसके छोटे बच्चे को चोरों ने डराया-धमकाया।

53 हजार रुपए निकाले

परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब 12 बजे पुरणमल जाट पुत्र श्योनाथ गढ़वाल की पुत्रवधू अपने छोटे बच्चे को दूध पिलाने के लिए कमरे में गई थी। महिला जैसे ही चौक में पहुंची, वहां तीन लोग खड़े दिखाई दिए। आरोप है कि चोरों ने महिला के मुंह पर रुमाल रख दिया, जिससे वह बेहोशी जैसी हालत में हो गई।

महिला ने जब विरोध करने या शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके छोटे बच्चे की गर्दन पर चाकू लगा दिया। इससे महिला डर गई और चुपचाप बैठ गई। इसके बाद चोरों ने घर की अलमारी में भैंस खरीदने के लिए रखे 53 हजार रुपए निकाले और उसी रास्ते से छत पर पहुंचकर जंगले के जरिए फरार हो गए।

वारदात के बाद महिला ने परिजनों को पूरी घटना बताई। परिवार के लोग जागे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर रात में नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घटना के बाद परिवार के लोग सहमे हुए हैं। परिवार की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया गया है।


तीन लोहे के संदूक गायब

इसी रात क्षेत्र के एक अन्य मकान में भी चोरी हुई। मकान मालिक रामस्वरूप जाट के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11 बजे परिवार के सभी लोग सो गए थे। बुधवार सुबह करीब 5 बजे बड़ी बहू मीरा देवी भैंस का दूध निकालकर मकान में रखने गई तो घर की सीमेंट की जाली उखड़ी हुई मिली। अंदर जाकर देखने पर तीन लोहे के संदूक गायब मिले। घर का सामान मकान के पीछे खेत में बिखरा हुआ था। चोर संदूकों में रखी चांदी की कड़ी, सोने का ताबीज, करीब 5 किलो देशी घी, 25 हजार रुपए नकद और अन्य सामान चोरी कर ले गए।

दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। थानाधिकारी रोहिताश कुमार ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ चोरों का पता लगाने में जुटी है।