
नगर परिषद ने 16 सफाई कर्मचारी लगाए, शाम को नई फर्म ने 12 कर्मचारी लगाकर कराई सफाई
अलवर. जिला मुख्यालय के तीनों सरकारी अस्पतालों में ठेके के सफाई कर्मचारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर और वार्ड ब्वाय की हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। इससे अस्पताल में साफ-सफाई नहीं हो सकी और अस्पताल का चिकित्सकीय कामकाज भी बाधित रहा। अस्पताल प्रशासन ने नगर परिषद से सफाई कर्मचारी बुलाकर तीनों अस्पतालों में सफाई कराई। शाम को नई ठेका फर्म ने कुछ कर्मचारी लगाकर अस्पताल के वार्डों में सफाई कार्य कराया।
राजीव गांधी सामान्य अस्पताल, जनाना अस्पताल और गीतानंद शिशु अस्तपाल में सोमवार से नई फर्म को सफाई कार्य कराना था, लेकिन ठेके के सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए और सोमवार से ही अस्पतालों में सफाई कार्य बंद कर दिया। अगले दिन मंगलवार से ठेके के कम्प्यूटर ऑपरेटर और वार्ड ब्वाय हड़ताल पर चले गए। इससे अस्पताल की सफाई और चिकित्सकीय व्यवस्था गडबड़ा गई। तीसरे दिन बुधवार को भी सफाई कर्मचारी काम पर नहीं लौटे। वहीं, ठेके के कम्प्यूटर ऑपरेटर और वार्ड ब्वाय दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे।
नगर परिषद से 16 सफाईकर्मी बुलाए : अस्पताल प्रशासन ने नगर परिषद से 16 सफाई कर्मचारी बुलाकर अस्पतालों में सफाई की वैकल्पिक व्यवस्था की और तीनों अस्पतालों में सफाई कार्य कराया, लेकिन इस व्यवस्था से भी हालात सुधरे नजर नहीं आए। वहीं, शाम को नई ठेका फर्म की ओर से 12 सफाई कर्मी लगाकर अस्पतालों में सफाई कराई। जनाना अस्पताल में रात्रि में तीन सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई।