अलवर

थाने में बलात्कार: सब इंस्पेक्टर ने महिला से फोन पर की अश्लील बातें, होटल में बुलवाया, रिकॉर्डिंग सुनकर मचा हड़कंप

बलात्कार के आरोपी सब इंस्पेक्टर भरतसिंह जादौन ने पीडि़ता के मोबाइल पर फोन किया और उससे काफी देर तक अश्लील बातें की और अवैध सम्बन्ध बनाने को लेकर बातचीत की और दबाव भी बनाया।
2 min read
Mar 15, 2021
Sub Inspector Rape In Police Station Call Recording Audio Viral
थाने में बलात्कार: सब इंस्पेक्टर ने महिला से फोन पर की अश्लील बातें, होटल में बुलवाया, रिकॉर्डिंग सुनकर मचा हड़कंप

अलवर. बलात्कार के आरोपी थानेदार ने फोन पर भी पीडि़ता से अश्लील बातें की थी। जिसकी रेकॉर्डिंग सुनकर पुलिस अधिकारी दंग रह गए। इसके बाद उच्चाधिकारियों ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए बलात्कार के आरोपी थानेदार को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

पीडि़ता की ओर से पेश की गई रेकॉर्डिंग को पुलिस ने साक्ष्य के रूप में फाइल पर लिया है। जानकारी के अनुसार बलात्कार के आरोपी सब इंस्पेक्टर भरतसिंह जादौन ने पीडि़ता के मोबाइल पर फोन किया और उससे काफी देर तक अश्लील बातें की और अवैध सम्बन्ध बनाने को लेकर बातचीत की और दबाव भी बनाया।

थानेदार फोन पर पीडि़ता से यह सब बातें कर रहा था तथा महिला के फोन पर कॉन्फ्रेंस कॉल पर चुप रहकर उसके धर्म के भाई ने थानेदार की बातचीत की पूरी रेकॉर्डिंग कर ली। रविवार को पीडि़ता ने थानेदार भरतसिंह के खिलाफ खेरली थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में बुलाकर तीन दिन तक लगातार बलात्कार करने की शिकायत दी। रिपोर्ट के साथ पीडि़ता ने थानेदार की रेकॉर्डिंग भी पेश की। जिसे सुनने के बाद पुलिस अधिकारी हैरान रह गए। उन्होंने पीडि़ता की रिपोर्ट पर तत्काल कार्रवाई करते हुए बलात्कार का मामला दर्ज किया और आरोपी थानेदार भरतसिंह को गिरफ्तार कर लिया।

कई और पुलिसकर्मियों पर भी गिर सकती है गाज

खेरली थाने में बलात्कार के मामले में थाने के कई और पुलिसकर्मियों पर भी गाज गिर सकती है। दरअसल, पीडि़ता ने आरोपी थानेदार के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दी तो पुलिसकर्मी थानेदार भरतसिंह का बचाव करते हुए मामले को दबाने में लगे रहे तथा पीडि़ता की ओर से दी गई रिपोर्ट में काट-छाट करने का प्रयास किया। थाने के अन्य पुलिसकर्मियों की संलिप्तता के बारे में जांच की जा रही है। संलिप्तता सामने आने पर कई अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में लक्ष्मणगढ़ सीओ अशोक चौहान को एपीओ, खेरली एसएचओ हनुमान सहाय, बलात्कार के आरोपी सब इंस्पेक्टर भरतसिंह और हैडकांस्टेबल प्रकाश को निलम्बित किया जा चुका है।

रेकॉर्डिंग को फाइल पर ले लिया है

पीडि़ता की ओर से बलात्कार के आरोपी थानेदार की बातचीत की रेकॉर्डिंग पेश की गई थी। जिसे फाइल पर लेकर अनुसंधान किया जा रहा है। - तेजस्विनी गौतम, जिला पुलिस अधीक्षक, अलवर।

Published on:
15 Mar 2021 01:24 pm