अलवर

जानिए कौन हैं रामगढ़ विधायक ज्ञानदेव आहूजा का टिकट काटने वाले सुखवंत सिंह, टिकट मिलते ही कही यह बात

https://www.patrika.com/alwar-news/ Sukhwant Singh BJP Candidate From Ramgarh
2 min read
Nov 15, 2018
Sukhwant Singh Bjp Candidate From Ramgarh Alwar
जानिए कौन हैं रामगढ़ विधायक ज्ञानदेव आहूजा का टिकट काटने वाले सुखवंत सिंह, टिकट मिलते ही कही यह बात

भाजपा ने बुधवार को जारी दूसरी सूची में अलवर जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों से प्रत्याशियों की घोषणा की। इस सूची की खास बात यह कि दोनों सीटों पर पार्टी ने नए चेहरे उतारे हैं, वहीं पार्टी के फायर ब्रांड नेता ज्ञानदेव आहूजा का टिकट काट कर पूर्व प्रधान सुखवंत सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है तथा कठूमर में मंगलराम कोली का टिकट काटकर बाबूलाल मैनेजर को प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा विधानसभा चुनाव के लिए अब तक जिले की 11 में से पांच सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। इनमें चार नए चेहरों को मौका दिया गया है।

रामगढ़ से आहूजा का टिकट काट चौंकाया

जिले की प्रतिष्ठित सीट रामगढ़ पर भाजपा ने वरिष्ठ नेता ज्ञानदेव आहूजा का टिकट काट कर सबको चौंका दिया। पार्टी ने यहां लक्ष्मणगढ़ के पूर्व प्रधान रहे सुखवंत सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। सुखवंत सिंह वर्ष 2009 में भाजपा से लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति के प्रधान चुने गए। उसी दौरान वे भाजपा में शामिल हुए। उसके बाद से वे भाजपा के सदस्य के रूप में कार्य कर रहे हैं।

टिकट मिलते ही पहली बात

रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के घोषित प्रत्याशी सुखवंत सिंह ने टिकट मिलने का आधार क्षेत्रवासियों की चाहत को बताया है। जनता के सहयोग के चलते ही पार्टी नेतृत्व ने उन्हें टिकट दिया है। भाजपा प्रत्याशी सुखवंत ने कहा कि वर्ष 2005 से ही वे क्षेत्र की जनता की सेवा में जुटे हैं। पहले रामबास पंचायत से पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीत कर लोगों की सेवा की। बाद में गोविंदगढ़ पंचायत से पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीतकर लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति के प्रधान चुने गए।

प्रत्याशी का ‘आधार’

आमदनी: शिक्षण संस्थान संचालक।

सोशल मीडिया: फेसबुक व ट्विटर पर सक्रिय।

पहचान: भाजपा के आंदोलनों में सक्रिय रहे

अनुभव: लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति के प्रधान रहे, पंचायत समिति सदस्य व पंच रहे

कोर टीम: समस्त भाजपा कार्यकर्ता

अक्सर कहां मिलते हैं: गोविंदगढ़ बस स्टैंड के पास स्थित निवास पर

Published on:
15 Nov 2018 09:15 am