अलवर

मैनेजर का परिवार गया था खाटूश्यामजी, पीछे से 17 लाख रुपए के आभूषण चोरी

सदर थाना क्षेत्र के अपना घर शालीमार में कोटक महिंद्रा में सेल्स मैनेजर के फ्लैट से 17 लाख रुपए के आभूषण चोरी का मामला सामने आया है।

2 min read
Apr 03, 2026

अलवर. सदर थाना क्षेत्र के अपना घर शालीमार में कोटक महिंद्रा में सेल्स मैनेजर के फ्लैट से 17 लाख रुपए के आभूषण चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार खाटूश्यामजी के दर्शनों के लिए गया था और पीछे से चोरी की घटना हो गई।
पीड़ित विवेक चौधरी ने बताया कि वह 10 दिन से घर पर अकेले थे। उनकी पत्नी दिल्ली में उनकी बहन के यहां थी और एक अप्रेल की रात को ही आई थी। इस पर पूरे परिवार ने गुरुवार को खाटूश्यामजी के दर्शनों का प्लान बनाया। सुबह हम खाटूश्यामजी निकले और रात 7 बजे आए तो घर का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा था। अलमारी चेक की तो उसमें नकदी रखी थी, लेकिन सोना व चांदी के करीब 17 लाख रुपए के आभूषण गायब थे।
बाहर का गेट खुला हुआ था
चौधरी ने बताया कि घटना 1.30 से 2.30 बजे के बीच की है। उनके गांव के लोग भी इसी जगह रहते हैं। उन्होंने बताया था कि 1.30 बजे तक गेट पर लॉक था, जबकि पास ही रहने वाली युवतियों ने बताया कि वे दो बजे बाद निकली थीं, तब गेट खुला हुआ था। चौधरी ने बताया कि आसपास के एक फ्लैट में दो लोग काम करने आए थे, उन पर भी शक है।
मोती नगर में लाखों रुपए के आभूषण व नकदी चोरी
अरावली विहार थाना क्षेत्र में कालीमोरी फाटक के पास मोती नगर में लाखों रुपए के जेवर और 10 हजार रुपए नकदी चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर तहकीकात कर रही है।पीड़िता सुनीता ने बताया कि उनके घर की आलमारी का ताला खराब हो गया था। घर के बाहर ताला सुधारने वाले दो युवक जा रहे थे, मैंने उन्हें आलमारी का ताला सुधारने के लिए अंदर बुला लिया। उनमें से एक ताला सुधारता रहा और दूसरा आभूषण गायब करता रहा। युवकों ने आलमारी में रखा हार, टीका, नथ, कान, कंगन, झुमकी, कुंडल पायजेब, तीन सोने की अंगूठी सहित अन्य आभूषण पार कर लिए। इनकी कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा उन्होंने 10 हजार रुपए भी चुरा लिए। सुनीता ने बताया कि ताला सुधारने वाले इतने चालाक थे कि उन्होंने दो घंटे तक आलमारी नहीं खोलने के लिए कहा था। महिला का पति महेश कुमार फौज से रिटायर्ड हैं। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना करने के बाद जांच शुरू कर दी।

Published on:
03 Apr 2026 10:57 am
Also Read
View All

अगली खबर