अलवर

पल्लेदारों ने विरोध जताकर मंडी गेट पर ताला लगाया

वाहन हटाने का विवाद: व्यापारी ने पल्लेदार से की मारपीट

less than 1 minute read
Apr 07, 2024
पल्लेदारों ने विरोध जताकर मंडी गेट पर ताला लगाया

बानसूर कस्बे की कृषि उपज मंडी में शनिवार सुबह एक व्यापारी ने वाहन हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद पल्लेदार से मारपीट कर दी। घटना से गुस्साए पल्लेदारों ने मंडी के मुख्य गेट के ताला लगा विरोध जताकर धरने पर बैठ गए। पल्लेदारों के विरोध के चलते हुए मंडी में 4 घंटे कार्य प्रभावित रहा। इससे किसानों द्वारा लाई गए अनाज की तुलाई नहीं हो पाई। जिससे मंडी के बाहर ओर अंदर वाहनों से जाम लग गया और करीब 4 घंटे तक व्यापारी और किसान परेशान हुए।

पल्लेदारों के विरोध की सूचना पर कोटपूतली से कृषि उपज मंडी की सचिव प्रीति शर्मा और पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत करने का प्रयास किया। पल्लेदार मौके पर मारपीट करने वाले व्यापारी को बुलाकर माफी की मांग पर अड़ गए। पल्लेदारों ने बताया कि पल्लेदार असुरक्षित हैं। सुरक्षा की गारंटी देने के बाद ही हड़ताल समाप्त करेंगे। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों ने पल्लेदारों से समझाइश की और मामले को शांत कराया। करीब चार घंटे बाद मंडी में कामकाज प्रारंभ हुआ।

इधर, पल्लेदारों ने बताया कि व्यापारी की ओर से माफी नहीं मांगी गई तो सोमवार से फिर से धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान व्यापारी महावीर बालासिया, वेद प्रकाश ऐरन, नवल किशोर, शोमिल ऐरन, जेपी पंसारी सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि स्थानीय मंडी में कई व्यापारियों ने लाइसेंस बना रखा है। लेकिन मंडी के बाहर अनाज की खरीद का कार्य करते हैं। मंडी सचिव प्रीति शर्मा ने बताया कि पल्लेदारों के हंगामा की सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर समझाइश कर मामले को शांत करवा दिया है।

Published on:
07 Apr 2024 12:48 am
Also Read
View All