रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव को लेकर भाजपा में बगावत बढ़ती जा रही है। प्रत्याशी सुखवंत सिंह के नाम से शक्ति केंद्र संयोजक भी खुश नहीं हैं। वह भी विरोध में उतर आए हैं।
Ramgarh Assembly by-election: रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव को लेकर भाजपा में बगावत बढ़ती जा रही है। प्रत्याशी सुखवंत सिंह के नाम से शक्ति केंद्र संयोजक भी खुश नहीं हैं। वह भी विरोध में उतर आए हैं। मंडल अध्यक्षों के अलावा शक्ति केंद्र संयोजक मंगलवार को पूर्व प्रत्याशी जय आहूजा की पंचायत में शामिल होंगे। इसी पंचायत में आहूजा चुनाव लड़ने की घोषणा करेंगे।
पंचायत के लिए एसडीएम रामगढ़ से अनुमति मिल गई है। वहीं, भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी डैमेज कंट्रोल के लिए प्रयास कर चुके हैं, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। प्रांतीय पदाधिकारियों ने भी इसके लिए प्रयास किए हैं। यदि भाजपा इस मामले को जल्द नहीं शांत करेगी तो पार्टी को नुकसान हो सकता है। भाजपा का पूरा बूथ मैनेजमेंट मंडल अध्यक्ष व शक्ति केंद्र संयोजकों पर टिका हुआ है, जो इस समय जय आहूजा के खेमे में खड़े नजर आ रहे हैं।
मंडल अध्यक्षों ने एक दिन पहले ही इस्तीफा दे दिया। भाजपा इन्हें नहीं मना पाएगी तो बूथ मैनेजमेंट पूरा गड़बड़ाने की संभावना है। मंडल अध्यक्ष व शक्ति केंद्र संयोजक ही सीधे आमजन से जुड़े होते हैं। वही बूथ तक मतदाताओं को लेकर पहुंचते हैं। मंडल अध्यक्षों से लेकर अन्य पदाधिकारियों को मनाने की कोशिश सफल नहीं हो पाई है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि रामगढ़ सहित राजस्थान की सातों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस पार्टी पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ने को तैयार है। पिछले दस महीने में सरकार ने पूर्ववर्ती गहलोत सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को बंद किया है। इससे जनता में आक्रोश है। सिंह सोमवार को रामगढ़ उपचुनाव को लेकर कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता पर्ची वाली सरकार के 10 माह के कार्यकाल से त्रस्त है। उपचुनाव में इसका जवाब मिलेगा।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि नफरत और जातिवाद का जहर घोलने वाली भाजपा इस उप चुनाव में क्लीन बोल्ड होगी। पूरे प्रदेश में कमजोर हुई भाजपा के कोई भी हथकंडे अब राजस्थान में नहीं चलेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ही नहीं बल्कि उनके मंत्री भी अपने आप को असहाय महसूस कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने कहा कि सभी कार्यकर्ता निष्ठा और लगन के साथ चुनाव में जुटे हैं।
इस दौरान जुबेर आर्यन खान, रमेश खंडेलवाल, जसवंत सिंह गुर्जर, भजनलाल जाटव, धर्मेन्द्र राठौड़, रोहित बोहरा, रूपेंद्र सिंह कुन्नर, विकास चौधरी, ललित यादव, दीपचंद खैरिया, पूर्व विधायक बलजीत यादव, रिपुदमन गुप्ता, साजिद खान, सतीश पटेल सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा प्रत्याशी सुखवंत सिंह का नामांकन 24 अक्टूबर को होगा। सुखवंत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आने का आग्रह किया है। उनके अलावा प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल राठौड़, केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव सहित कई नेता नामांकन में शामिल होंगे।
मेरे पास कई पदाधिकारियों के कॉल आ रहे हैं लेकिन मैंने रिसीव नहीं किए हैं। मंगलवार की पंचायत में चुनाव लड़ने का ऐलान करूंगा। मेरा मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी से होगा न कि सुखवंत से।- जय आहूजा, पूर्व प्रत्याशी रामगढ़ विधानसभा
पार्टी में कोई फूट नहीं है। सभी नेता एक साथ हैं। भाजपा प्रत्याशी सुखवंत सिंह को मिलकर चुनाव लड़ाएंगे और जीत भी होगी।- अशोक गुप्ता, जिलाध्यक्ष भाजपा
यह भी पढ़ें:
CET एग्जाम आज से शुरू, 1.29 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल