अलवर

चलते ट्रक के ब्रेक लगाए तो पीछे से कार घुसी, मां की गोद से तीन माह का मासूम छिटककर कार के डैसबोर्ड से टकराया, मौत

राजस्थान के अलवर जिला क्षेत्र से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। आए दिन दुर्घटनाएं होने से लोगों की जान जा रही है। इसका कारण कभी नींद की झपकी तो कभी तेज रफ्तार बन रही है। कई बार आगे चल रहे वाहन के ब्रेक लगाने से पीछे वाला वाहन दुर्घटना ग्रस्त हो रहा है। ऐसा ही हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर फिर हो गया। इसमें परिवार के 4 जने घायल हो गए और एक मासूम की मौत हो गई। परिवार के लोग दिल्ली के उत्तम नगर से आए थे और मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर लौट रहे थे।

2 min read
May 25, 2026
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसे में चोटिल होने के बाद उपचार कराते हुए घायल।

अलवर. जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पिनान रेस्ट एरिया के पास दोपहर के समय आगे चल रहे ट्रक के इमरजेंसी ब्रेक लगाने से पीछे से आ रही एक कार ट्रक में घुस गई। इस सड़क हादसे में तीन माह के मासूम की मौत हो गई तथा चार लोग घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब दिल्ली का एक परिवार मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर कार से वापस दिल्ली की ओर लौट रहा था।

थाना लक्ष्मणगढ़ के सब इंस्पेक्टर हरिमन के अनुसार परिवार के मुखिया सतीश कुमार ने बताया कि उसका परिवार दिल्ली के उत्तम नगर में रहता है। रविवार सुबह परिवार के लोग मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करने के लिए गए थे। बालाजी के दर्शन करने के बाद परिवार के पांच सदस्य उसकी पत्नी, बेटा, बेटी व बेटे की पत्नी और पौता कार से वापस दिल्ली लौट रहे थे। रास्ते में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर पिनान रेस्ट एरिया के पास आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। जिससे कार का संतुलन नहीं बना सके और वह ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। 

पीड़ित सतीश कुमार ने बताया कि इस हादसे में हादसे में संतोष देवी (45) पत्नी सतीश कुमार, राहुल कुमार (28) पुत्र सतीश कुमार, अंजली (26) पत्नी राहुल कुमार, दिव्यम (3 माह) पुत्र राहुल कुमार, मानवी (25) पुत्री सतीश कुमार घायल हो गए। कार को उसका पुत्र राहुल चला रहा था। हादसे की सूचना पर एनएचएआइ एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को पिनान सीएचसी में भर्ती कराया। जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। बाद में सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया। अलवर सामान्य अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन माह के मासूम दिव्यम को मृत घोषित कर दिया, वहीं शेष सभी घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मासूम के शव को मोर्चरी में रखवाया गया। हादसे में घायल परिजनों की ओर से कानूनी कार्रवाई से इनकार कर देने पर शव परिजनों को सौंप दिया।

मां की गोद में बैठा था मासूम दिव्यम 

पुलिस के अनुसार हादसे के समय मासूम दिव्यम अपनी मां अंजली की गोद में था। जैसे ही कार ट्रक से टकराई, उसी दौरान दिव्यम मां की गोद से उछलकर कार के डेशबोर्ड से जा टकराया। जिससे उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रक सहित चालक फरार

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से ट्रक सहित फरार हो गया। इधर हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर एक्सप्रेस-वे पर पहुंची पेट्रोलिंग टीम ने कार को साइड में खड़ा कराया।

पति-पत्नी दोनों चार्टर्ड अकाउंटेट 

सतीश कुमार ने बताया कि हादसे में घायल बेटा राहुल व बेटे की पत्नी अंजली दोनों चार्टर्ड अकाउंटेट हैं।

Published on:
25 May 2026 01:35 am
Also Read
View All