अलवर

सरिस्का में बाघिन एसटी-28 की मौत, बाघ-बाघिनों की संख्या घटकर 49 हुई 

सोमवार को सरिस्का के अकबरपुर रेंज अंतर्गत पृथ्वीपुरा नाके की बीट डाबली के वन क्षेत्र में बाघिन एसटी-28 का शव मिला।

less than 1 minute read
Feb 02, 2026
मृत बाघिन एसटी-28

सरिस्का टाइगर रिजर्व में एक बाघिन की मौत से वन्यजीव प्रेमियों में दुःख और निराशा है। दरअसल सोमवार को सरिस्का के अकबरपुर रेंज अंतर्गत पृथ्वीपुरा नाके की बीट डाबली के वन क्षेत्र में बाघिन एसटी-28 का शव मिला। इस घटना के बाद सरिस्का में बाघ और बाघिनों की कुल संख्या घटकर 49 रह गई है।

सरिस्का प्रशासन के अनुसार बाघिन एसटी-28 की मौत बाघ-बाघिन के आपसी संघर्ष, यानी टेरिटरी फाइट के कारण हुई है। बताया गया कि बाघिन की उम्र करीब पांच वर्ष थी और उसके शरीर पर कई गहरे घाव पाए गए। मौके पर वन विभाग की टीम ने तत्काल पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित किया और जांच प्रक्रिया शुरू की।

ये भी पढ़ें

सरिस्का में 6 से 8 फरवरी तक राष्ट्रीय स्तर की बाघ संरक्षण कार्यशाला

सरिस्का डीएफओ अभिमन्यु सहारण ने बताया कि बाघिन के शव का पोस्टमार्टम तीन पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा किया गया। जांच में बाघिन के सभी अंग सुरक्षित पाए गए, जिससे शिकार या अवैध गतिविधि की आशंका को खारिज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से मिले साक्ष्यों में भी किसी प्रकार की संदिग्ध स्थिति सामने नहीं आई है।

वन विभाग के अनुसार मृत बाघिन का अंतिम संस्कार निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत किया गया। उल्लेखनीय है कि सरिस्का में बाघों के बीच क्षेत्र को लेकर होने वाले संघर्ष पहले भी सामने आते रहे हैं। वन विभाग लगातार निगरानी और संरक्षण के प्रयासों को मजबूत करने में जुटा हुआ है।

एसटी-14 की बेटी थी

जानकारी के अनुसार मृत बा​घिन एसटी-28 की उम्र करीब 5 साल थी। इसने अभी तक एक भी शावक नहीं जन्मा। यह एसटी-14 की बेटी थी।

Published on:
02 Feb 2026 06:01 pm
Also Read
View All

अगली खबर