
जाट बहरोड़-मुण्डनवाड़ा कलां मार्ग पर रविवार रात एक बाइक पर सवार चार हथियारबंद नकाबपोशों ने कट्टे से फायर कर दुकानदार का बैग छीन लिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे थानाधिकारी ने मौका मुआयना कर नाकाबंदी करा आरोपितों की तलाश शुरू की।
थानाधिकारी राजेश कुमार के अनुसार मुण्डावर थाना क्षेत्र के मुण्डनवाडा कलां निवासी कृष्ण कुमार पुत्र मोतीलाल यादव ने पुलिस को सूचना दी कि वह शाहजहांपुर पुराना बस स्टैण्ड स्थित मोबाइल की दुकान से रविवार रात अपने छोटे भाई अनूप यादव के साथ घर लौट रहा था।
जाट बहरोड़ के राउमावि से कुछ आगे निकलते ही तिबारा के पास एक बाइक पर सवार होकर आए चार नकाबपोशों ने उनका बैग लटकने की आवाज लगाकर उसे संभालने की बात कही। बैग संभालने के लिए बाइक धीमा करते ही लुटेरों ने उसकी बाइक के सामने अपनी बाइक लगा कट्टे से फायर किया। जिसकी गोली उसके हेलमेट से लगी।