विदेश में नौकरी दिलाने का लालच देकर युवकों को म्यांमार भेजकर उनसे साइबर ठगी करवाने वाले गिरोह का अलवर साइबर थाना पुलिस ने खुलासा किया है।
विदेश में नौकरी दिलाने का लालच देकर युवकों को म्यांमार भेजकर उनसे साइबर ठगी करवाने वाले गिरोह का अलवर साइबर थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। आरोपियों के कब्जे से एक आईफोन भी बरामद किया गया है।
एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि इस मामले में पीड़ित अमनप्रीत ने नवंबर 2025 में साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने शिकायत में बताया था कि उसे विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर म्यांमार भेजा गया। वहां पहुंचने के बाद उसे बंधक बना लिया गया और उससे जबरन साइबर फ्रॉड का काम करवाया जाने लगा।
साइबर थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें मोहम्मद मुस्तजहर नासिर निवासी सीतापुर रोड न्यू मदेयगंज, खदरा, निराला नगर लखनऊ तथा सबनूर खान निवासी अफगान कुर्सथ जिला उन्नाव शामिल हैं। मुस्तजहर नासिर फिलहाल थाना ठाकुरगंज क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था, जबकि सबनूर खान बगरिया मोड़ दुबग्गा, लखनऊ में रह रहा था। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।