
अलवर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने निकाय और पंचायत चुनाव का बिगुल बजाते हुए कार्यकर्ताओं को जीत के मंत्र दिए। उन्होंने गरीब, युवा, अन्नदाता (किसान) और नारी (महिलाएं) यानी पीएम मोदी के ज्ञान का उल्लेख किया। इससे साफ है कि निकाय और पंचायत चुनाव में भाजपा इनके सहारे ही अपनी नैय्या पार लगाएगी। अलवर सहित 17 जिलों में जो घोषणाएं की गईं, वे इन्हीं चार वर्गों से जुड़ी हुई हैं।
विजन 2047- केंद्र सरकार के वर्ष 2047 के विजन का उल्लेख करते कहा- पीएम मोदी के ज्ञान का संकल्प पूरा हो रहा है। गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी से यह ज्ञान पूरा हो रहा है। 2047 के विकसित भारत के लिए इन्हें ताकतवर बनाना जरूरी है। मैंने सीएम भजन लाल शर्मा से भूमि मांगी है। भूमि मिलते ही यहां सेक्स सॉर्टेड सीमन सेंटर बनाएंगे। इसके बाद केवल बछड़ियां (मादा पशु) पैदा होंगी। शाह ने तीन लाख लीटर क्षमता के अलवर सरस डेयरी के प्रसंस्करण प्लांट का शिलान्यास किया। साथ ही, भीलवाड़ा, जयपुर, पाली और राजसमंद में 274 करोड़ रुपए की लागत से सरस डेयरी के चार नए प्लांट की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने वादा किया कि अलवर के इस प्लांट को जल्द से जल्द पांच लाख लीटर क्षमता का किया जाएगा।
किसानों पर फोकस: शाह में सहकारिता और किसानों पर फोकस किया। माेदी सरकार के 2014 से 2026 तक के कार्यकाल का उल्लेख किया और कहा कि हर साल कोई न कोई योजना सहकारिता से जुड़ी हुई लाई गई। सबसे ज्यादा अनाज मोदी सरकार में खरीदा गया। समर्थन मूल्य में भी बेतहाशा बढ़ोतरी की गई।
नियुक्ति पत्र देकर युवाओं को साधा: मंच से चार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए। सीएम भजन लाल शर्मा ने भी वर्तमान सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं होने की बात कहर युवाओं को साधा।
अलवरवासियों को भी साध गए: भाषण के दौरान उन्होंने भर्तृहरि की पवित्र भूमि, पांडुपोल हनुमानजी, भगवान जगन्नाथ, नीलकंठ और नलदेश्वर महादेव व करणी माता के चरणों में प्रणाम करते हुए सरिस्का, सिलीसेढ़ सहित कई ऐतिहासिक स्थलों का उल्लेख करते हुए जिले की जनता को भी साधा।
कांग्रेस की लड़ाई, जनता के सामने लाए: मंच से उन्होंने कांग्रेस में चल रही अंदरूनी लड़ाई का भी उल्लेख किया। महेंद्र जीत सिंह मालवीय के प्रकरण में गहलोत और डोटासरा के बीच हुई बयानबाजी को लेकर शाह ने यह बात कही।