अलवर जिले के बानसूर कस्बे में कालका माता मंदिर मार्ग स्थित निर्माणाधीन राजकीय उप जिला अस्पताल भवन में एक ठेकेदार का शत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
बानसूर कस्बे से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ कालका माता मंदिर मार्ग पर बन रहे राजकीय उप जिला अस्पताल के नवनिर्मित भवन में एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जोधपुर निवासी एक ठेकेदार के रूप में हुई है, जिसकी धारदार हथियारों से गोदकर बेरहमी से हत्या की गई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 7 बजे जब निर्माण कार्य में जुटे मजदूर अस्पताल परिसर पहुंचे, तो उन्होंने ठेकेदार का शव लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। मजदूरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बानसूर डीएसपी मेघा गोयल और थाना प्रभारी राजेश यादव भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर कई जगह धारदार हथियारों से वार किए जाने के गहरे निशान मिले हैं, जो स्पष्ट रूप से हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 24 वर्षीय रामसिंह राजपूत के रूप में हुई है, जो फलोदी (जोधपुर) का निवासी था। रामसिंह इस निर्माणाधीन उप जिला अस्पताल में एयर कंडीशनर (AC) लगाने का ठेका ले रखा था और लंबे समय से यहीं रहकर काम पूरा करवा रहा था। अस्पताल का भवन अभी निर्माणाधीन है और वहां फिनिशिंग का काम चल रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौका-ए-वारदात को सील कर दिया है। डीएसपी मेघा गोयल ने बताया कि घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए जयपुर से एफएसएल (FSL) की विशेष टीम को बुलाया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के वक्त वहां कौन-कौन मौजूद था और हत्या की मुख्य वजह क्या रही होगी।
थाना प्रभारी राजेश यादव के मुताबिक, पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है। यह हत्या किसी आपसी रंजिश का परिणाम है या किसी अन्य विवाद की, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। पुलिस फिलहाल वहां काम करने वाले अन्य मजदूरों और ठेकेदार के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है। शव को कब्जे में लेकर बानसूर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने निर्माणाधीन सरकारी भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद कस्बे के लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।